जागरण संवाददाता, देहरादून : Uttarakhand Weather Today : आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार हैं।
शनिवार को कुमाऊं मंडल में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है। जबकि, प्रदेश में अब भी छोटे-बड़े करीब 50 मार्ग बंद पड़े हैं। वहीं शनिवार को देहरादून में सुबह की शुरुआत धूप के साथ हुई। मसूरी में भी चटख धूप खिली।
गंगोत्री हाईवे (Gangotri Highway) सुक्की के निकट बाधित
उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुक्की के निकट बाधित है। रात को वर्षा होने के कारण सुक्की नाला उफान पर आ गया था। जिससे मार्ग पर मलबा जमा हो गया है। राजमार्ग को खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन के टीम जुट गई है। दोपहर तक मार्ग खुलने के आसार हैं।
जनपद चमोली अंतर्गत बदरीनाथ हाईवे यातायात हेतु सुचारू है। शनिवार की सुबह मार्ग लंगासू बंद हो गया था, जिसे बाद में यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया। वहीं बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग लामबगड़ खचड़ा नाले में फिर से शुक्रवार देर रात मलबा आने से बंद हो गया था। जिसे शनिवार की सुबह खोल दिया गया।
पड़ सकती हैं गरज के साथ तीव्र बौछारें
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेशभर में आज भी आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं। बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा (Heavy Rain) हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में गरज के साथ तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं।
हरिद्वार जिले में दस अगस्त तक रहेंगे बादल, होगी वर्षा
हरिद्वार जिले में दस अगस्त तक घने बादल छाए रहेंगे। साथ ही, वर्षा की भी संभावना है। छह अगस्त को 20 मिमी, सात अगस्त को दस मिमी, आठ अगस्त को 12 मिमी, नौ और दस अगस्त को एक-एक मिमी वर्षा होगी। वहीं, शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे। साथ ही दिनभर में बीच-बीच में धूप भी खिली।
बादलों के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शहर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया। जोकि सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना के तकनीकी अधिकारी डा. अरविंद कुमार श्रीवास्तव के अनुसार वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए किसान सिंचाई न करें और नियमित रूप से फसलों की निगरानी करते रहे।
काबीना मंत्री गणेश जोशी ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा
देहरादून में भारी वर्षा आफत बनी हुई है। शहर में जलभराव के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन से भारी नुकसान हो रहा है। बिष्ट गांव में भी भूस्खलन के कारण घरों को नुकसान पहुंचा है। पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। काबीना मंत्री गणेश जोशी ने नुकसान का जायजा लेकर प्रभावितों को आर्थिक सहायता प्रदान की।
शुक्रवार को काबीना मंत्री गणेश जोशी ने बिष्ट गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मिलकर सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

कैबिनेट मंत्री ने प्रभावित ग्रामीण दीपक शर्मा और मणिराम शर्मा को आर्थिक सहायता के चेक भी दिए। जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके विस्थापन के लिए भी काबीना मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए।
a