विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: पहाड़ से मैदान तक आंशिक बादलों का डेरा, दो जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

Published: Thu, 29 May 2025 08:53 PM (IST)

उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादल छाए हुए हैं जिससे हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़ ...और पढ़ें

अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। जागरण आर्काइव
अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. पिथौरागढ़, बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट
  2. मैदानी इलाकों में आंधी, बिजली की आशंका
  3. अगले दो दिन मौसम में बदलाव संभव

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की वर्षा का क्रम बना हुआ है। हालांकि, बुधवार को मैदानी क्षेत्रों में झमाझम वर्षा के बाद गुरुवार को धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही और उमस ने बेहाल किया। पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिनभर बादल मंडराते रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और हल्की वर्षा के आसार हैं। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अंधड़ चलने की आशंका है।

गुरुवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह आंशिक बादलों के बीच धूप खिली। दिनभर धूप और बादलों की आंख मिचौनी चलती रही और उमसभरी गर्मी ने बेहाल किया। हालांकि, दून और मसूरी के बीच हल्की वर्षा भी दर्ज की गई।

चारधाम समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराते रहे। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि, ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कम बना हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रिकार्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्र खासकर पिथौरागढ़ व बागेश्वर में भारी वर्षा हो सकती है। जबकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीव्र वर्षा के दौर हो सकते हैं। मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट है। देहरादून में कहीं-कहीं हल्की वर्षा संभव है। चारधाम व यात्रा मार्गों पर आंशिक बादल छाये रहने और हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की आशंका है।