Uttarakhand Weather Update: बर्फीली हवाओं से बढ़ी कंपकंपी, कोहरा बढ़ाएगा मुसीबात, जानें- मौसम विभाग का पूर्वानुमान
Today Uttarakhand Weather News Update बारिश व बर्फबारी के बाद अब बर्फीली हवा कंपकंपी छुटा रही है। एक सप्ताह में हुए भारी हिमपात से चोटियां बर्फ से लकदक हो चुकी हैं। धूप खिलने से बर्फ पिघलने लगी है और बर्फीली हवाएं चल रही हैं।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में बारिश व बर्फबारी के बाद अब बर्फीली हवा कंपकंपी छुटा रही है। एक सप्ताह में हुए भारी हिमपात से चोटियां बर्फ से लकदक हो चुकी हैं। धूप खिलने से बर्फ पिघलने लगी है और बर्फीली हवाएं चल रही हैं। आंशिक बादलों के बीच प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानि शुक्रवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। जबकि, पहाड़ों में पाला गिरने की आशंका है। पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
उत्तराखंड में बीते एक सप्ताह में कई बार बारिश और बर्फबारी हो चुकी है। ज्यादातर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद चोटियां सफेद हो गई हैं। बर्फ का आनंद लेने को प्रमुख पर्यटन स्थलों में बाहरी राज्यों के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय पर्यटक पहुंच रहे हैं। वहीं, कई इलाकों में भारी हिमपात के कारण आवागमन भी बाधित है। हालांकि, चारधाम में सभी मार्ग सुचारू कर दिए गए हैं। धनोल्टी-चंबा मार्ग लगातार तीसरे दिन बंद रहने के बाद देर शाम छोटे वाहनों के लिए खोला जा सका।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर समेत अन्य मैदानी इलाकों में कोहरा छा सकता है। पहाड़ों में पाला परेशान करेगा। बर्फीली हवाएं चलने से सुबह-शाम कड़ाके की ठंड रहेगी।
धनोल्टी के दूरस्थ क्षेत्रों में पांच दिनों से बिजली नहीं
पहाड़ों में अब बर्फबारी तो बंद हो गयी है, लेकिन पिछले अभी तक इस बर्फबारी से पैदा हुई दुश्वारियां कम नहीं हो पा रही हैं। वहीं बर्फबारी के चलते धनोल्टी दूरस्थ क्षेत्रों में पिछले पांच दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रखी है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: बर्फबारी से कैलाश मानसरोवर मार्ग बंद, गंगोत्री सुचारू; जानिए क्या कहता है मौसम विभाग