Weather Today: उत्तराखंड में मौसम तल्ख, अगले दो दिन बदलेगा मौसम... नैनीताल में भारी बारिश का यलो अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद भी अगले दो दिन मौसम बदला रहेगा, जिसमें नैनीताल में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बावजूद बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तीव्र बौछार के दौर दर्ज किए गए और अंधड़ ने जनजीवन प्रभावित कर दिया।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देहरादून समेत नौ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ तीव्र बौछार
बुधवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम दोपहर बाद बदला और कई जगह गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें पड़ीं। प्रदेश के कई स्थानों पर 50 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। बारिश के साथ आए अंधड़ ने भी जनजीवन प्रभावित किया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ, जबकि विद्युत पोल और लाइनों के साथ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। मौसम के लगातार करवट लेने से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है।
कहीं-कहीं हल्का हिमपात
चोटियों में कहीं-कहीं हल्का हिमपात होने की भी सूचना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक रहने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और चक्रवाती प्रसार के कारण उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मानसून की विदाई के बाद सामान्य तौर पर बारिश में कमी आने लगती है, लेकिन इस बार मौसम प्रणालियों की सक्रियता के कारण पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं और वर्षा के दौर जारी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका है।
