Uttarakhand Weather Forecast: उत्तराखंड में आज से अगले पांच दिन तक भारी वर्षा की चेतावनी
Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में आज से मौसम करवट बदलेगा। मौसम विभाग ने पांच दिन भारी चेतावनी जारी की है। भूस्खलन होने और नदियों में उफान को लेकर अलर्ट किया गया है। इस बीच राज्य में 29 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार रात पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले पांच दिन तक प्रदेश में झमाझम वर्षा के आसार हैं।
29 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना
इस बीच 29 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना है। इस दिन राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान भूस्खलन होने और नदियों में उफान आने को लेकर भी अलर्ट किया गया है।
चमोली और कर्णप्रयाग में हुई मूसलधार वर्षा
शनिवार रात चमोली और कर्णप्रयाग में मूसलधार वर्षा और अन्य क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। उधर, कुमाऊं में रविवार को वर्षा ने गर्मी और उसम से राहत दी। यहां पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम वर्षा हुई।
वर्षा के बाद अधिकतम तापमान लुढ़का
नैनीताल में सुबह वर्षा के बाद अधिकतम तापमान लुढ़ककर 22 डिग्री के आसपास आ गया। पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर में भी वर्षा होने से राहत मिली। वहीं, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के बाद धूप खिल गई।
उमस ने किया बेहाल
ऐसे में उमस ने बेहाल किया। चमोली जिले में वर्षा के कारण भूस्खलन होने से बदरीनाथ हाईवे नौ घंटे तक बाधित रहा। बागेश्वर में कपकोट मोटर मार्ग पर हरसिला के समीप भूस्खलन होने से लगभग दो घंटे तक आवाजाही बंद रही।
आरेंज अलर्ट किया गया जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार 29 जून को भारी वर्षा के साथ मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इसको लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रुड़की : बार-बार ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं को उठानी पड़ी परेशानी
रुड़की एवं आसपास के क्षेत्रों में एक बार फिर से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही रविवार को उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिपिंग एवं बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ा। लो वोल्टेज के कारण जल संस्थान के ट्यूवबलों से शाम के समय पानी की आपूर्ति भी कम रही।
पिछले सप्ताह मौसम ठीक होने से शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में भी सुधार हो गया था लेकिन एक बार फिर से रुड़की शहर में बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी को बढ़ा दिया है।
रविवार को उमस भरी गर्मी से हर कोई परेशान रहा। ऊपर से बार-बार ट्रिपिंग होती रही। रामनगर, सोलानीपुरम, ब्रह्मपुर बिजलीघर एवं छह नंबर बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं को सुबह से ही परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम के समय बार-बार ट्रिपिंग एवं लो वोल्टेज के कारण अधिकांश लोग गंगनहर के घाटों पर नजर आए। यहां पर काफी भीड़ रही।
वहीं शाम के समय पर्याप्त करंट नहीं आने की वजह से घरों में पानी का प्रेशर भी बेहद कम पहुंचा। अपर सहायक अभियंता हिमांशु त्यागी ने बताया कि लो वोल्टेज एवं बार-बार ट्रिपिंग की वजह से ओवरहेड वाटर टैंक भी नहीं भर पा रहे हैं।
वहीं ऊर्जा निगम रुड़की मंडल के उप महा प्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या बरसात शुरू होने के बाद ही समाप्त हो सकेगी।