यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में कोहरे को लेकर अलर्ट, कल बर्फबारी के आसार
Uttarakhand News मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में नववर्ष की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हो सकती है। प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क है, लेकिन शनिवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की आशंका है। जिससे 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। पहाड़ों पर बर्फबारी से प्रदेशभर में सर्दी का सितम बढ़ सकता है।
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप बढ़ने लगा है। वहीं, पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा रहा है। अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से नववर्ष की शुरुआत कड़ाके की ठंड से होने की आशंका है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। ऊधम सिंह नगर व हरिद्वार समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, शनिवार, रविवार और सोमवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच बर्फबारी के आसार हैं। जिससे तापमान में गिरावट आने और प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है।
