आनलाइन कर में बढ़ोतरी से परिवहन विभाग मालामाल, प्राप्त हुआ 120 करोड़ रुपये अधिक राजस्व
Uttarakhand Transport Department परिवहन विभाग इस समय लगातार व्यवस्थाओं को आनलाइन कर रहा है। विभाग को वित्तीय वर्ष 2021-22 में मिले कुल 861 करोड़ के राजस्व के सापेक्ष 627 करोड़ रुपये का राजस्व आनलाइन कर से ही मिले हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून : परिवहन विभाग के आनलाइन कर में लगातार इजाफा हो रहा है। इस समय विभाग को सबसे अधिक राजस्व आनलाइन कर से ही मिल रहा है। विभाग को वित्तीय वर्ष 2021-22 में मिले कुल 861 करोड़ के राजस्व के सापेक्ष 627 करोड़ रुपये का राजस्व आनलाइन कर से ही मिले हैं।
2021-22 में 120 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ
विभाग के ग्रीन कर में भी लगातार इजाफा हो रहा है। विभाग को वित्तीय वर्ष 2021-22 में 23 करोड़ रुपये ग्रीन कर के रूप में मिले हैं। इतना ही नहीं विभाग को वित्तीय वर्ष 2020-21 के सापेक्ष 2021-22 में 120 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है।
परिवहन विभाग इस समय लगातार व्यवस्थाओं को आनलाइन कर रहा है। इसके तहत इस समय लाइसेंस बनाने से लेकर कर जमा करने की व्यवस्था भी आनलाइन कर दी गई है। इसका सख्ती से अनुपालन भी किया जा रहा है। इसका मकसद विभाग में दलाली और भ्रष्टाचार की लगातार आ रही शिकायतों पर अंकुश लगाना है। इसका असर भी देखने को मिला है।
इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विभाग में शुल्क और कर के रूप में जमा किए गए कुल 861 करोड़ रुपये में से 72 प्रतिशत यानी 627 करोड़ रुपये आनलाइन जमा किए गए हैं। यह परिवहन विभाग द्वारा शुरू की गई आनलाइन व्यवस्था की सफलता को भी प्रदर्शित कर रहा है। विभाग अब कोरोना संक्रमण के साये से भी निकलता नजर आ रहा है। इस वर्ष विभाग को गत वर्ष की तुलना में अधिक राजस्व मिला है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में परिवहन विभाग को 507 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
विभाग को वित्तीय वर्ष 2021-22 में मिली प्राप्तियों पर नजर डालें तो विभाग को मोटर वाहन कर के रूप में 110 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं 47 करोड़ रुपये विभिन्न शुल्क के रूप में प्राप्त हुए हैं। सेंट्रल पूल से व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए विभाग को इस वित्तीय वर्ष में 45 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
परिवहन विभाग की राजस्व प्राप्ति (करोड़ रुपये में)
मद - वर्ष 2021-21 - 2021-22
वाहन कर- 93.62- 110.98
फीस- 39.20- 47.27
ग्रीन कर- 21.14- 23.05
सेंट्रल पूल- 37.68- 45.22
उपकर- 3.83- 5.51
विभागीय आय- 1.62- 1.92
आनलाइन फीस- 507.10- 627.12