उत्तराखंड में वर्षा का दौर जारी, बागेश्वर-पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट
उत्तराखंड में आज हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं, जबकि बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी वर्षा का येलो अलर्ट ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा के दौर जारी हैं और कहीं-कहीं झमाझम बारिश हो रही है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने के साथ आंशिक बादल छाए रहने और बीच-बीच में बौछार पड़ने का क्रम बना हुआ है। धूप के कारण मैदानी क्षेत्रों में तापमान चढ़ने से उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार के बाद वर्षा का क्रम और धीमा पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को उत्तराखंड के सभी जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। विभाग ने बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना जताई गई है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। ऐसे में मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है।
मानसून ट्रफ और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से होकर गुजर रही है। यह जैसलमेर, राजगढ़, बैतूल, दक्षिण छत्तीसगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, गोपालपुर होते हुए पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग तक विस्तारित है।
वहीं उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक ट्रफ भी बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: देहरादून समेत पांच जिलों में आज अलर्ट...नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश
