लोहड़ी महोत्सव: अग्नि के चारों ओर घेरा बनाकर किया भांगड़ा
उत्तराखंड पंजाबी महासभा ऋषिकेश की ओर से लोहड़ी महोत्सव-2019 आयोजित किया गया। इसमें रायल पंजाब भांगड़ा ग्रुप की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
ऋषिकेश, जेएनएन। उत्तराखंड पंजाबी महासभा ऋषिकेश की ओर से आयोजित लोहड़ी महोत्सव-2019 में रायल पंजाब भांगड़ा ग्रुप की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। वहीं जूनियर हनी सिंह की प्रस्तुति के साथ भांगड़ा, गिद्दा व टप्पे आदि कार्यक्रमों का देर रात तक दर्शकों ने लुत्फ उठाया।
गुरुवार को तिलक मार्ग पर आयोजित लोहड़ी उत्सव का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने लोहड़ी में अग्नि प्रज्वलित कर किया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा है कि लोहड़ी का पर्व सूमृद्धि और खुशहाली का पर्व है। इस पर्व में अनेक धार्मिक एतिहासिक कहानियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर जब पंजाब में फसल कटाई का समय होता है तो हर्षोल्लास के साथ इस कार्यक्रम को मनाया जाता है। लोहड़ी मिलन के कार्यक्रम में पंजाबी समाज के अलावा अन्य समाज के लोगों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
सभी को गुड़ और मूंगफली खाने को दी गई। लोगों ने उत्तराखंड की समृद्धि की कामना के साथ जलती अग्नि के चारों ओर घेरे बनाकर नृत्य किया। कार्यक्रम के जरिये समाज के सभी वर्गों को एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। इस दौरान बहुत से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर पंजाबी महासभा के अध्यक्ष नवल कपूर, महामंत्री प्रदीप कोहली, पूर्व नगरपालिका के अध्यक्ष दीप शर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अजय कालरा, विवेक तिवारी, डॉ. बीएस कोहली, प्रिंस मनचंदा, मदन मोहन शर्मा, रमेश अग्रवाल, अमृतलाल, कुसुम कंडवाल, विशन खन्ना, धीरज चतरथ, अशोक मनचंदा, ओम प्रकाश, मणि भूषण साहनी, विजय जैन, सरदार मंगा सिंह, सरदार हरचरण सिंह आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: दून की राधा को बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड, नए क्लेवर में होगा जुबिन का गीत
यह भी पढ़ें: महानायक अमिताभ बच्चन की इस फिल्म की उत्तराखंड में होगी शूटिंग, जानिए लोकेशन