उत्तराखंड की पुरुष अंडर-23 टीम के चयन की प्रक्रिया एक अक्टूबर से
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने अंडर-23 पुरुष क्रिकेट टीम चयन के लिए सभी जिलों को सात अक्टूबर से पूर्व ट्रायल कराने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय ट्रायल एक अक्टूबर से होंगे।
देहरादून, जेएनएन। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने अंडर-23 पुरुष क्रिकेट टीम चयन के लिए सभी जिलों को सात अक्टूबर से पूर्व ट्रायल कराने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय ट्रायल प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू होगी। इच्छुक खिलाड़ी एक से पांच अक्टूबर तक सभी जिला संघों से पंजीकरण फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद क्रमश: जिला, मंडल और फाइनल ट्रायल होंगे।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने अंडर-23 पुरुष टीम चयन के लिए ट्रायल की रूपरेखा तैयार कर सभी जिला संघों को भेज दी है। सीएयू के सचिव महिम वर्मा ने बताया कि सभी जिलों में एक से पांच अक्टूबर तक खिलाड़ियों का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद छह व सात अक्टूबर को जिला स्तरीय ट्रायल लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर से चयनित खिलाडिय़ों के मंडल स्तरीय ट्रायल नौ व दस अक्टूबर को होंगे। गढ़वाल मंडल के ट्रायल देहरादून, तो कुमाऊं मंडल के ट्रायल हल्द्वानी में होंगे। इसके बाद फाइनल ट्रायल 12 से 14 अक्टूबर तक हल्द्वानी में आयोजित होंगे। पंजीकरण के लिए दो साल पहले बना जन्मप्रमाण पत्र, हाईस्कूल प्रमाण पत्र या पासपोर्ट लाना आवश्यक है।
दसवीं पास न करने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र के साथ अंतिम शैक्षिक संस्थान के प्रधानाचार्य से प्रमाणित बोनाफाइड या टीसी लाना अनिवार्य है। इस संबंध में सभी जिला संघों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
महिला अंडर-23 व अंडर-19 टीम चयन दस से
उत्तराखंड की महिला अंडर-23 टीम का चयन करने के लिए 10 व 11 अक्टूबर को फाइनल ट्रायल होने हैं। वहीं, महिला अंडर-19 टीम चयन करने के लिए फाइनल ट्रायल 12 व 13 अक्टूबर को होंगे। दोनों टीमों के लिए ट्रायल हल्द्वानी के मलकानी स्टेडियम में कराए जाएंगे।
बीसीसीआइ के घरेलू सत्र में प्रतिभाग करने के लिए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने महिला टीम चयन करने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है। सीएयू के सचिव महिम वर्मा ने बताया कि महिला अंडर-23 व महिला अंडर-19 टीम का चयन ट्रायल हल्द्वानी की मलकानी क्रिकेट ऐकेडमी में होने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अंडर 16 टीम के बोन टेस्ट में पांच खिलाड़ी बाहर, पढ़िए क्रिकेट की अन्य खबरें
बताया कि अंडर-23 टीम चयन प्रक्रिया में खिलाड़ी नौ व दस अक्टूबर को पंजीकरण फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद 10 व 11 अक्टूबर को फाइनल ट्रायल होंगे। जबकि अंडर-19 टीम चयन के लिए 12 व 13 अक्टूबर को फाइनल ट्रायल कराए जाएंगे। महिला टीम चयन ट्रायल संबंधित अन्य किसी जानकारी के लिए दीपक मेहरा 9758851484 से संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की सीनियर महिला टीम के लिए 50 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट