विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में एलटी ग्रेड शिक्षकों को पदोन्नति में TET अनिवार्यता पर सरकार के फैसले का इंतजार

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:46 PM (IST)

उत्तराखंड में एलटी माध्यमिक शिक्षकों की पदोन्नति में टीईटी की अनिवार्यता पर सरकार बुधवार को स्थिति स्पष्ट कर सकती है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. एलटी शिक्षकों की पदोन्नति में टीईटी अनिवार्यता पर असमंजस।

  2. शासन बुधवार को स्थिति स्पष्ट करने की तैयारी में।

  3. हजारों शिक्षकों ने सचिव विद्यालयी शिक्षा से की मांग।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। एलटी माध्यमिक शिक्षकों की पदोन्नति में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता को लेकर शासन की ओर से बुधवार को स्थिति स्पष्ट किए जाने की उम्मीद है। प्रभावित हजारों शिक्षकों ने पिछले सप्ताह सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव के समक्ष यह मामला उठाया था। उन्होंने पदोन्नति में टीईटी की अनिवार्यता को लेकर विधिक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

विभाग ने अब तक इस संबंध में कोई स्पष्ट पत्र अथवा निर्देश जारी नहीं किया है। हालांकि, एलटी माध्यमिक शिक्षकों को टीईटी परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति दी गई है। ऐसे में लागू सेवा नियमों और न्यायिक निर्णयों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करना आवश्यक है, ताकि पदोन्नति को लेकर बना असमंजस दूर हो सके।

एलटी शिक्षक माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। ऐसे में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शिक्षकों के लिए निर्धारित टीईटी संबंधी प्रविधानों को एलटी शिक्षकों की प्रवक्ता और प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति में लागू करने से पहले उनकी विधिक प्रयोज्यता का परीक्षण जरूरी है।

शिक्षक नेता डॉ. अंकित जोशी ने इस विषय पर न्यायिक निर्णयों और सेवा नियमों के आधार पर विस्तृत पक्ष रखने के लिए सचिव ज्योति यादव से पिछले सप्ताह समय मांगा था। सचिव ने अनुरोध स्वीकार करते हुए शीघ्र जानकारी देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले छह-सात वर्षों से पदोन्नति प्रक्रिया बाधित रहने से शिक्षक संवर्ग में अनिश्चितता बनी हुई है।

प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों पर पदोन्नति की संभावनाओं सहित सभी पहलुओं पर विचार कर स्पष्ट निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि शिक्षकों को नियमानुसार पदोन्नति के अवसर मिल सकें।