Lockdown 4.0: देहरादून में आज पुरानी व्यवस्था, मंगलवार से होंगे बदलाव; पढ़िए पूरी खबर
सोमवार से लॉकडाउन 4.0 शुरू हो गया। हालांकि देहरादून में सोमवार को लॉकडाउन की मौजूदा व्यवस्था ही लागू रहेगी और मंगलवार से नए नियम लागू किए जाएंगे।
देहरादून, जेएनएन। सोमवार से लॉकडाउन 4.0 शुरू हो गया और इसमें कुछ अतिरिक्त रियायतों से साथ बाजार खुलेंगे और कई अन्य गतिविधियों को मंजूरी मिल जाएगी। हालांकि, देहरादून में सोमवार को लॉकडाउन की मौजूदा व्यवस्था ही लागू रहेगी और मंगलवार से नए नियम लागू किए जाएंगे।
रविवार को गृह मंत्रलय ने 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने के साथ ही इस अवधि में कई तरह की रियायत भी दे दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रीय गाइडलाइन पर पहले शासन निर्णय लेगा और उसके अनुसार जिला स्तर पर व्यवस्था बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि देर रात तक इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। लिहाजा, सोमवार को आदेश जारी किया जाएगा।
इस क्रम में मंगलवार से नई व्यवस्था लागू की जाएगी। केंद्रीय गाइडलाइन की बात करें तो इसमें बाजार खोलने का समय सुबह सात बजे से रात सात बजे तक तय किया गया है। लिहाजा, उम्मीद की जा रही है कि दून में भी यही नियम लागू होंगे। हालांकि, हॉटस्पॉट जोन के बाहर बफर जोन तय करने को लेकर सीमांकन करने का भी जिक्र गृह मंत्रलय ने किया है। यह किस तरह होगा, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं की गई है। इतना जरूर है कि दून नगर निगम व ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में कुल चार जगह बफर जोन स्पष्ट किए जा सकते हैं।
मंडी में आज केवल ईवन नंबर के वाहनों को एंट्री
मंडी में आज से नई व्यवस्थाएं लागू हो रही हैं। आज केवल ईवन नंबर वाले वाहनों को ही मंडी में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा आज से मंडी में वेंडर को फल-सब्जी की खरीद को एक घंटे का ही समय मिलेगा। मंडी में भीड़ कम करने और शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए यह नियम लागू किए गए हैं।
मंडी परिसर कोरोना संक्रमण के लिहाज से हाई रिस्क एरिया है। एहतियात के तौर पर मंडी समिति ने कुछ अहम कदम उठाए हैं। मंडी सचिव विजय थपलियाल ने बताया कि मंडी समिति ने सोमवार से कुछ व्यवस्थाओं में बदलाव का निर्णय लिया है। मंडी में प्रवेश के लिए नए सिरे से पास बनाए जा रहे हैं। दो हजार पास बनाए जाएंगे। यह पास फुटकर फल-सब्जी विक्रेता और वाहन चालकों के हैं। आढ़तियों के लिए पास की अलग व्यवस्था है। जबकि, आम आदमी के लिए मंडी में प्रवेश वर्जित है। मंडी में नए बनाए जा रहे पास में समय अंकित कर दिया जाएगा।
प्रत्येक वेंडर मंडी परिसर में खरीदारी को एक-एक घंटे का समय दिया जाएगा। मंडी देर रात दो बजे खुलती है और नौ बजे तक खुली रहती है। ऐसे में दो से तीन, तीन से चार, चार से पांच और पांच से छह बजे के स्लॉट में वेंडरों को प्रवेश मिलेगा। छह बजे के बाद परिसर के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं, आज मंडी में ईवन नंबर के वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। जबकि, मंगलवार को ऑड नंबर को प्रवेश मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Lockdown 4.0: उत्तराखंड में मंगलवार से लागू होगी नई व्यवस्था, कल होगा जोन का निर्धारण
लॉकडाउन उल्लंघन में 305 लोग गिरफ्तार
लॉकडाउन के उल्लंघन में रविवार को राज्य में 29 मुकदमे दर्ज हुए, जबकि 305 लोगों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश में अब तक कुल 3053 मुकदमे दर्ज कर 18803 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही अभी तक एमवी एक्ट के अंतर्गत 41,598 वाहनों के चालान, 6734 वाहन सीज और 2.21 करोड़ रुपये शमन शुल्क वसूला गया है। वहीं, दून पुलिस ने भी रविवार को छह मुकदमे दर्ज कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस एक्ट के तहत 13 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर 128 वाहनों के खिलाफ चालान और 13 पर सीज की कार्रवाई की गई।