Uttarakhand Governor: राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह 15 को लेंगे शपथ, जानें उनके बारे में
Uttarakhand Governor राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह 15 सितंबर को राजभवन में पदभार ग्रहण करेंगे। राजभवन में 15 सितंबर को सुबह 11 बजे आठवें राज्यपाल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान उन्हें शपथ दिलाएंगे।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह 15 सितंबर को राजभवन में पदभार ग्रहण करेंगे। राजभवन में 15 सितंबर को सुबह 11 बजे आठवें राज्यपाल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान उन्हें शपथ दिलाएंगे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव डा एसएस संधु करेंगे। शासन और राजभवन सचिवालय के स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां की जा रही हैं।
निवर्तमान राज्यपाल को दी विदाई
उधर, शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निवर्तमान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को रात्रि भोज दिया। इससे पहले राजभवन सचिवालय ने निवर्तमान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को भावभीनी विदाई दी। राज्यपाल के सचिव बृजेश कुमार संत ने बेबी रानी मौर्य को स्मृति चिह्न भेंट किया। निवर्तमान राज्यपाल ने राजभवन के समस्त कार्मिकों को उपहार प्रदान किए। इस अवसर पर अपर सचिव जितेंद्र कुमार सोनकर, विधि परामर्शी कहकशा खान, वित्त नियंत्रक डा तृप्ति श्रीवास्तव समेत राजभवन के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का संक्षिप्त जीवन परिचय
-सेना से 2016 में सेवानिवृत्त हुए। सेना में करीब 40 वर्ष की सेवा के दौरान उन्होंने चार राष्ट्रपति पुरस्कार और दो चीफ आफ आर्मी स्टाफ कमंडेशन अवार्ड भी प्राप्त किए।
-डिप्टी चीफ आफ आर्मी स्टाफ रहे
-एडजुटेंट जनरल और 15 कार्प्स के कमांडर
-चीन मामलों से जुड़े मिलिट्री आपरेशन के निदेशक
-नेशनल डिफेंस कालेज और डिफेंस सर्विसेज स्टाफ से स्नातक
-चेन्नई और इंदौर विश्वविद्यालयों से दो एम फिल डिग्री
-चेन्नई विश्वविद्यालय से कर रहे हैं 'स्मार्ट पावर फार नेशनल सिक्योरिटी डायनेमिक्स' विषय पर पीएचडी।
-सैनिक स्कूल कपूरथला, पंजाब से स्कूलिंग।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से मिले महाराज
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दिल्ली प्रवास के दौरान शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की।महाराज के अनुसार मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष से उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई। महाराज ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश में पर्यटन एवं तीर्थाटन के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी। बताया कि पर्यटन विभाग राज्य में धार्मिक सर्किट विकसित करने में जुटा है। साथ ही कई पर्यटक स्थल विकसित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Politics: आप के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल बोले, सरकार चाहे तो हम वैली ब्रिज बनाने को तैयार