सात जनवरी को उत्तराखंड सरकार जाएगी जनता के द्वार, जानिए क्या है इसके पीछे का उद्देश्य
सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सात जनवरी को सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संबोधित करेंगे जिसके सजीव प्रसारण की व्यवस्था सभी कार्यक्रम स्थलों पर होगी।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सात जनवरी को सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संबोधित करेंगे, जिसके सजीव प्रसारण की व्यवस्था सभी कार्यक्रम स्थलों पर होगी। विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक करेंगे। आयोजन के लिए उप जिलाधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों की समिति भी बनाई गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चाधिकारियों के साथ बैठक में इस कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि विधानसभा क्षेत्रों में किसी योजना का लोकार्पण अथवा शिलान्यास होना है तो उसे भी इस कार्यक्रम में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के जरिए प्रदेश सरकार द्वारा अब तक किए गए कार्यों की संपूर्ण जानकारी जनता को मिल सके, इसके प्रयास होने चाहिए।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विकास से जुड़े विभागों की प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। कार्यक्रम में बुजुर्गों को सम्मानित करने के साथ ही सभी वर्गों का जुड़ाव दिखाई दे, इसके प्रयास होने चाहिए।
इस अवसर पर सचिव सूचना डा पंकज कुमार पांडेय ने आयोजन से संबंधित कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक सुरेश राठौर, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, एसए मुरूगेशन व एचसी सेमवाल आदि उपस्थित थे।
पिथौरागढ़ के सीईओ को हटाया
शासन ने दो शिक्षाधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया है। पिथौरागढ़ के मुख्य शिक्षाधिकारी अशोक कुमार जुकारिया को हटाया गया है। उन्हें डायट गौचर (चमोली) का प्राचार्य बनाया गया है। पिथौरागढ़ में जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक अशोक कुमार गुसाईं को विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय में प्रभारी उप निदेशक के पद पर तैनाती दी गई है। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
दोनों अधिकारियों को प्रतिस्थानी का इंतजार किए बगैर तत्काल नए कार्यस्थल पर तैनाती लेने को कहा गया है। अन्यथा उन्हें एकतरफा कार्यमुक्त समझा जाएगा। नई तैनाती स्थल से ही उनका वेतन आहरित किया जाएगा। शासन ने पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी को अग्रिम आदेशों तक जिले के वरिष्ठ अधिकारी को मुख्य शिक्षाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार देने को कहा है।
यह भी पढ़ें- हरीश रावत ने फिर बोला उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर हमला, जानिए इस बार क्या कह गए