पूर्व सीएम हरीश रावत ने जेपी नड्डा के दौरे पर कसा तंज, कहा- उत्तराखंड को भूले, भाजपा को दे गए टोटके दे
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत (Harish Rawat) ने पिछले तीन दिनों से उत्तराखंड प्रवास के दौरान ताबड़तोड़ बैठक करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) पर तंज कसा है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत (Harish Rawat) ने पिछले तीन दिनों से उत्तराखंड प्रवास के दौरान ताबड़तोड़ बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा को कुछ मंत्र और टोटके जरूर दे गए, लेकिन उत्तराखंड को पूरी तरह भूल गए।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इंटरनेट मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा कि नड्डा से भाजपा व उत्तराखंड दोनों को बड़ी उम्मीदें थीं। न कुंभ के लिए धन और न बेरोजगार को कुछ भरोसा दिया। किसान की पूरी तरीके से अनदेखी व विकास का कोई जिक्र नहीं किया। भ्रष्टाचार पर चुप्पी यही जनता के हिस्से में आया है। उन्होंने कहा कि, 'दोस्तों, दरख्तों को कहां आता है हिजरत करना, ये परिंदे थे जो चमन छोड़ गए।'
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली रवाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य सरकार की उपलब्धियों पर संतोष जताते हुए जिलों के प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में प्रवास के निर्देश दिए हैं। इस दौरान वे पार्टी संगठन से समन्वय बनाते हुए कार्यकत्र्ताओं के साथ विमर्श करेंगे। साथ ही सरकार की पांच-पांच उपलब्धियों के अलावा केंद्र पोषित योजनाओं के संबंध में आमजन से चर्चा करेंगे। ऐसा ही क्रम विधायकों, दायित्वधारियों का भी चलेगा। नड्डा ने यह भी कहा कि मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रमों के संबंध में वह 20 दिन में फीडबैक देखेंगे, जो पार्टी संगठन के माध्यम से उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा।
उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के साथ सरकार के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सरकार के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। नड्डा ने उपलब्धियों पर संतोष जताया और कहा कि उपलब्धियां और सरकार की योजनाएं आमजन के बीच जानी चाहिए। इसके लिए मंत्रियों को भी पहल करनी होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि पार्टी संगठन से समन्वय के साथ सभी जिलों के प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में प्रवास करें। इस दौरान कम से कम पांच बड़ी उपलब्धियों के साथ ही केंद्र की योजनाओं के बारे में जनता को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि मंत्रियों की भांति दायित्वधारी जिलों और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास करें।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार सभी प्रभारी मंत्री जिलों में प्रवास के दौरान रात्रि विश्राम करेंगे और एक कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। साथ ही भ्रमण में पार्टी पदाधिकारियोंको भी साथ लेंगे। सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा। भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान वह उनके साथ रहेंगे, जबकि मंत्रियों के दौरों में प्रांतीय उपाध्यक्ष, महामंत्री व अन्य प्रांतीय पदाधिकारी। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के सफल दौरे के लिए कार्यकर्ताओं को दी बधाई
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के चार दिनी उत्तराखंड प्रवास को ऐतिहासिक रूप से सफल बताया। उन्होंने प्रवास कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस के सभाकक्ष में धन्यवाद सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत पर चलने वाली पार्टी है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में भी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत शामिल रही। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, महामंत्री कुलदीप कुमार व राजेंद्र भंडारी, उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन व खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान और प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभ जोशी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।