जानें वो कौन सा विवाद है, जिससे कांग्रेस में रुक रही हरक सिंह रावत की एंट्री, मुद्दा कर सकता है परेशान
Uttarakhand Election 2022 कर्मकार कल्याण बोर्ड में कथित अनियमितता का जिन्न हरक सिंह रावत की राह में अड़ंगा बनकर खड़ा हो गया है। पिछले कई महीनों से इस मुद्दे पर कांग्रेस हमलावर रही है हरक की वापसी के साथ यह मुद्दा भाजपा के बजाय कांग्रेस को परेशान कर सकता है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 उत्तराखंड कांग्रेस ने पांचवें दिन भी पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की वापसी के लिए दरवाजे नहीं खोले। छठे दिन यानी शुक्रवार को हरक कांग्रेस में शामिल नहीं हो सके तो अंदेशा है कि पार्टी इस मामले में हाथ पीछे खींच सकती है। कर्मकार कल्याण बोर्ड में कथित अनियमितता का जिन्न हरक सिंह रावत की राह में अड़ंगा बनकर खड़ा हो गया है। पिछले कई महीनों से इस मुद्दे पर कांग्रेस हमलावर रही है, हरक की वापसी के साथ यह मुद्दा भाजपा के बजाय कांग्रेस को परेशान कर सकता है।
कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं को लेकर भाजपा की सदस्यता और मंत्री पद से हाथ धो चुके हरक सिंह रावत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कांग्रेस ने पांचवें दिन भी हरक सिंह रावत को शामिल किए जाने को लेकर पत्ते नहीं खोले। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को हरक सिंह रावत के मामले को लेकर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सक्रिय रहे। पार्टी अब बगैर शर्त के ही हरक सिंह को वापस लेने पर विचार कर सकती है। हालांकि हरक सिंह इस मामले में पहले भी हामी भर चुके हैं। पार्टी उनकी पुत्रवधू को ही लैंसडौन से टिकट दे सकती है। हालांकि लैंसडौन क्षेत्र में भी स्थानीय कांग्रेसी पार्टी के ऐसे किसी कदम के विरोध में हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सख्त रुख को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को ही मामले को सुलझाने को कहा था। हरीश रावत का रुख अब तक यथावत है। पार्टी नेतृत्व तक हरक सिंह रावत के श्रम मंत्री रहते हुए कर्मकार कल्याण बोर्ड में कथित अनियमितता की बात पहुंचाई गई है। कांग्रेस प्रदेश में पहले से ही इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर है। इसे देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व में हरक सिंह को लेकर हिचक देखी जा रही है। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को हरक सिंह कांग्रेस में शामिल नहीं किए गए तो इसके बाद उनकी राह बेहद कठिन हो जाएगी। उधर, संपर्क करने पर नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि हरक सिंह रावत शुक्रवार को पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- क्या हरक सिंह भाजपा में करेंगे वापसी, दिल्ली में नेताओं से मुलाकात की बातें; इस सीट पर प्रत्याशी नहीं किया घोषित