हम सब एक हैं दिखाने में जुटी भाजपा, प्रेम चंद अग्रवाल के चुनाव कार्यालय उद्घाटन में एक साथ दिखे दावेदार
Uttarakhand Election 2022 ऋषिकेश क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के भीतर गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। तीन बार के विधायक रहे प्रेमचंद अग्रवाल की दावेदारी को नगर निगम महापौर सहित अन्य लोग ने संगठन के समक्ष चुनौती देते हुए अपना दावा पेश किया था।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: Uttarakhand Election 2022 ऋषिकेश क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के भीतर गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। तीन बार के विधायक रहे प्रेमचंद अग्रवाल की दावेदारी को नगर निगम महापौर सहित अन्य लोग ने संगठन के समक्ष चुनौती देते हुए अपना दावा पेश किया था। अब भाजपा संगठन यह दिखाने की कोशिश में जुटा है कि हम सब एक हैं। यही कारण है कि प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय उद्घाटन में महापौर सहित अन्य कुछ दावेदारों को संगठन ने एक साथ खड़ा किया।
भारतीय जनता पार्टी के ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने चुनाव प्रचार का आगाज ऋषिकेश और श्यामपुर में चुनाव कार्यालय खोलकर किया। रविवार को ग्रामीण क्षेत्र श्यामपुर और मुखर्जी मार्ग पर खोले गए चुनाव कार्यालय के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी पत्नी शशि अग्रवाल के साथ पूजा अर्चना की।भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ व ईमानदार कार्यकर्त्ताओं की मेहनत से भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। पार्टी का प्रत्येक सदस्य एकजुटता के साथ प्रचार अभियान में जुटा है। वहीं नगर निगम महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि अन्य दलोँ के उम्मीदवार अपने प्रत्याशी होने की घोषणा की प्रतीक्षा में ही लगे हैं। लेकिन भाजपा ने इस मामले में पहले ही चरण में बढ़त हासिल कर ली है।
इस दौरान कृष्ण कुमार सिंघल, संदीप गुप्ता, संजय शास्त्री, सरोज डिमरी, चरणजीत लाल धींगरा, जितेंद्र अग्रवाल, उषा जोशी ,शिव कुमार गौतम, संजय व्यास, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, कपिल गुप्ता, कविता शाह, चेतन शर्मा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- भाजपा संगठन का भरोसा, पूर्व सीएम की बेटी के साथ होगा न्याय; इस सीट से काटा गया है टिकट