विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में पढ़ाई, सड़क और खेल के लिए धामी सरकार ने दिए 130 करोड़ रुपये, सड़क और नाली निर्माण के लिए धनराशि जारी

Published: Thu, 15 Oct 2026 11:02 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 130 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियां दी हैं।

पढ़ाई, सड़क और खेल के लिए धामी सरकार ने दिए 130 करोड़ रुपये।

पढ़ाई, सड़क और खेल के लिए धामी सरकार ने दिए 130 करोड़ रुपये।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री धामी ने 130 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी।

  2. शिक्षा, खेल, सड़क निर्माण के लिए धनराशि जारी हुई।

  3. छात्रों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, हल्द्वानी में खेल विकास।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत करीब 130 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को अनुमोदन प्रदान किया है। इसमें विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें और शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 124.21 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

इसके अलावा पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में सड़क निर्माण तथा हल्द्वानी में खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक पढ़ने वाले सामान्य, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 52.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति को अनुमोदन दिया है।

वहीं, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और निश्शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए 72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सड़क और नाली निर्माण को धनराशि

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कनालीछीना विकासखंड की ग्राम पंचायत भौतड़ी में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 80 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 48 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।

इसी तरह ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत दिनेशपुर में नाली सहित पांच किलोमीटर टाइल्स मार्ग के निर्माण के लिए 4.15 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।

गोलापार में खेल सुविधाओं का होगा विकास

हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कांप्लेक्स गोलापार में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के अंतर्गत निर्माण कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 9.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।