Vijay Diwas 2020: उत्तराखंड के सीएम रावत बोले, वीरों की कहानी का अगली पीढ़ी तक पहुंचना जरूरी
Vijay Diwas 2020 विजय दिवस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने गांधी पार्क में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले रणबांकुरों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की कहानी का अगली पीढ़ी तक पहुंचना जरूरी है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Vijay Diwas 2020 विजय दिवस पर बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गांधी पार्क में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले रणबांकुरों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की कहानी का अगली पीढ़ी तक पहुंचना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध में देश को कूटनीतिक विजय भी मिली थी। इस युद्ध में भारत की सेना ने अपने शौर्य और साहस से पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया था। भारत की सुरक्षा और विश्व के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण दिन है। यह हमारे सैनिकों की वीरता का प्रमाण है। इस अवसर पर महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक गणेश जोशी, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर केबी चंद समेत पूर्व सैन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
कृषि कानून किसानों के हित में
शहीद स्मारक पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों का व्यापक हित सोचकर नए कृषि कानून बनाए हैं। वर्ष 2024 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोधी तत्व जिसमें कांग्रेस, लेफ्ट आदि शामिल हैं, किसानों को बहका रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से विधानसभा सत्र किसानों के लिए समर्पित करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने क्या किया, यह हमें नहीं पता, लेकिन यह सरकार किसानों और जवानों के लिए ही समर्पित है। कुंभ मेले की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कुंभ से पहले एक फ्लाईओवर के अलावा बाकी सभी काम पूरे हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: देहरादून में वार मेमोरियल की शान बढ़ाएगा मिग-21, पढ़िए पूरी खबर