विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Cabinet Decisions: सैकड़ों मेधावियों को मिला छात्रवृत्ति का तोहफा, धामी कैबिनेट के ये अहम फैसले

By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
Published: Thu, 01 Jun 2023 07:44 AM (IST)

Uttarakhand Cabinet Decisions मुख्य सचिव ने बताया कि विद्यालयी शिक्षा की भांति उच्च शिक्षा में भी मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना ...और पढ़ें

धामी कैबिनेट के अहम फैसलों की ये है लिस्ट
धामी कैबिनेट के अहम फैसलों की ये है लिस्ट

देहरादून, राज्य ब्यूरो। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने विद्यालयी शिक्षा की भांति उच्च शिक्षा में भी मेधावियों को छात्रवृत्ति का तोहफा दिया है। सरकारी डिग्री कॉलेजों एवं राज्य विश्वविद्यालयों के कैंपस कॉलेजों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर, दोनों स्तर पर संकायवार मेरिट में प्रथम तीन स्थान पर रहने वाले मेधावियों को प्रतिमाह 1500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक छात्रवृत्ति मिलेगी।

राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना क्रियान्वित करने को स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक में 13 प्रकरणों पर निर्णय लिए गए। मुख्य सचिव डा एसएस संधु ने मंत्रिमंडल के निर्णयों को ब्रीफ किया। विद्यालयी शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन लाने की कवायद में जुटी सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय में छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा निर्णय लिया।

मुख्य सचिव ने बताया कि विद्यालयी शिक्षा की भांति उच्च शिक्षा में भी मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना पर मुहर लगाई गई है। इससे निर्धन छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित होंगे। आर्थिक संकट पढ़ाई बीच में छोड़ने का कारण नहीं बन सकेगी। सरकारी डिग्री कॉलेजों में छात्र संख्या में गिरावट पर भी रोक लगने का रास्ता साफ होगा।

स्नातक में टॉपर को 3000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति

मुख्य सचिव ने बताया कि राजकीय डिग्री कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के कैंपस कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर संकायवार तीन टॉपर को न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर छात्रवृत्ति मिलेगी। स्नातक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः: 3000 रुपये, 2000 रुपये और 1500 रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी जाएगी।

स्नातकोत्तर में प्रथम स्थान पाने वाले को 5000 रुपये

स्नातकोत्तर स्तर पर संकायवार प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वालों को क्रमश: 5000 रुपये, 3000 रुपये और 2000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी। मंत्रिमंडल के इस निर्णय से स्नातक स्तर पर संकायवार प्रथम तीन टॉपर को प्रतिवर्ष क्रमश: 36 हजार रुपये, 24 हजार रुपये एवं 18 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी।

स्नातकोत्तर स्तर पर संकायवार प्रथम तीन टॉपर को वर्षभर में क्रमश: 60 हजार रुपये, 36 हजार रुपये एवं 24 हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रदेश में 119 राजकीय डिग्री कालेज और छह राज्य विश्वविद्यालय हैं। संकायवार टॉपर के रूप में सैकड़ों मेधावी छात्रवृत्ति के पात्र होंगे। छात्रवृत्ति के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में 10 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है।

कैबिनेट ने लिए ये अहम फैसले

  • नवीन चकराता टाउनशिप को स्वीकृति, चकराता व कालसी ब्लॉक के 40 गांव सम्मिलित
  • राज्य निर्वाचन आयुक्त का कार्यकाल एक वर्ष और आयु सीमा तीन वर्ष बढ़ाने को स्वीकृति
  • उत्तराखंड भू-संपदा (विनियमन व विकास) (सामान्य) नियमावली में संशोधन को स्वीकृति, बिल्डर को राहत, 45 दिन में पेनल्टी जमा कराई तो नहीं जारी होगा वसूली प्रमाणपत्र

कैबिनेट के अन्य निर्णय

  • उत्तराखंड उपखनिज (परिहार) नियमावली, 2023 के प्रख्यापन को स्वीकृति, मैदानी क्षेत्रों में पट्टों का आवेदन शुल्क बढ़ाया, अवैध खनन पर जुर्माना राशि रॉयल्टी के पांच गुना से घटाकर की गई दोगुना
  • उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने को गौलापार हल्द्वानी में क्रिकेट स्टेडियम से लगी 26.08 हेक्टेयर वन भूमि देने पर सहमति
  • श्री केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के अंतर्गत निर्मित होने वाले शिव उद्यान व चिंतन स्थलों के मानचित्र स्वीकृति को शुल्क किया माफ