यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड भाजपा की तीन दिवसीय चिंतन बैठक 27 से, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अब जबकि करीब आठ माह का ही वक्त शेष रह गया है तो इसके लिए ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अब जबकि करीब आठ माह का ही वक्त शेष रह गया है तो इसके लिए भाजपा तैयारियों में जुट गई है। विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए प्रदेश भाजपा की तीन दिवसीय चिंतन बैठक 27 जून से होगी। यह बैठक कुमाऊं मंडल में रामनगर अथवा अल्मोड़ा में से किसी एक जगह हो सकती है।
बदली परिस्थितियों में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है। पार्टी के सामने पिछले विधानसभा चुनाव जैसा ही प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है तो सरकार और संगठन में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक को खुद को साबित करने की भी। इस सबको देखते हुए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चिंतन बैठक में पार्टी के केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा चुनाव की रणनीति तय की जाएगी। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के अनुसार 27 से 29 जून तक होने वाली चिंतन बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रदेश प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य नेता शिरकत करेंगे।
बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक की रणनीति तय की जाएगी। उधर, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि चिंतन बैठक रामनगर में होगी अथवा अल्मोड़ा में है, इस बारे में एक-दो दिन में निर्णय ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में विधानसभा चुनाव की रूपरेखा तय करने के साथ ही जिम्मेदारियां भी सौंपी जा सकती हैं।
