बंगाल-असम फार्मूले से उत्तराखंड में जीत की राह तलाश रही भाजपा, तैयार किया जा रहा मास्टर प्लान
भाजपा उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बंगाल और असम में अपनाई गई सफल रणनीति को लागू करेगी। इसमें ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
रविंद्र बड़थ्वाल, देहरादून। उत्तराखंड में किसी बूथ में केंद्रीय मंत्री या भाजपा के राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर के शीर्ष पदाधिकारी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और बेहद साधारण ढंग से आमजन से संवाद करते नजर आएं तो कतई आश्चर्य न करें। बंगाल और असम में प्रचंड जीत की राह प्रशस्त करने में पार्टी की यह कार्यप्रणाली बेहद कारगर सिद्ध हुई है।
इस फार्मूले को उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी सत्ताधारी दल अपनाने जा रहा है, ताकि आमजन से जमीनी फीडबैक और जुड़ाव का प्रभावी तंत्र विकसित हो। इस कड़ी में प्रत्येक सप्ताह मंडल, दूसरे सप्ताह जिला और माह के अंतिम सप्ताह में प्रदेश स्तरीय बैठक होंगी।
असम विधानसभा चुनाव में जीत की हैटट्रिक और बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के अभेद्य किले को भेदने के लिए भाजपा के मजबूत समझे जाने वाले संगठन को कई स्तर पर परीक्षा से गुजरना पड़ा है। जनता के साथ निरंतर संवाद और फीडबैक का ऐसा पारदर्शी तंत्र तैयार किया गया, जिसके आधार पर संगठन को समय-समय पर अपनी कमियां दुरुस्त करने का अवसर मिला।
बंगाल में भी इसी फार्मूले से बूथ स्तर पर संगठन के साथ मतदाताओं से संबंधित समस्याओं को चिह्नित करने में मदद मिली। उत्तराखंड में अगला चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न भी है। असम की सफलता के बाद अब उत्तराखंड में भी हैटट्रिक को लेकर दबाव बढ़ा है। प्रो इनकंबेंसी को केंद्र में रखकर भाजपा सरकार और संगठन की यहां परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
बूथवार चिह्नित कर समस्याओं का होगा निवारण
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसी माह उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे। वह सरकार और संगठन के स्तर पर प्रो इनकंबेंसी को लेकर तैयारी का जायजा लेंगे। इसके दृष्टिगत संगठन ने उन 23 विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है, जिन पर विपक्षी और निर्दलीय काबिज हैं। साथ में जिन भाजपा विधायकों की 47 सीटों पर भी बूथवार समस्याओं की पहचान कर उनके निदान पर जोर देते हुए मतदाताओं से संपर्क साधा जाएगा।
यह भी पढ़ें- चंपावत में 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपित गिरफ्तार
हर दो माह में होगी कोर ग्रुप की बैठक: कुंदन परिहार
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन कुंदन परिहार ने बताया कि बंगाल और असम की जीत ने प्रदेश भाजपा का मनोबल ऊंचा किया है। इन प्रदेशों में संगठन को मिली सफलता को उत्तराखंड में भी दोहराया जाएगा। प्रत्येक सप्ताह मंडल स्तर पर संगठन की बैठक होगी।
दूसरे सप्ताह में जिला और अंतिम सप्ताह में प्रदेश स्तरीय बैठक में आमजन के फीडबैक पर मंथन होगा। पार्टी ग्राउंड जीरो पर नजर आएगी। हर दो महीने में प्रांतीय कोर ग्रुप की बैठक होगी। इसमें बूथ स्तर पर चिह्नित समस्याओं के निराकरण की योजनाओं के क्रियान्वयन को प्राथमिकता मिलेगी।
