यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले, उत्तराखंड को 2025 तक अग्रणी राज्य बनाने का खाका तैयार
Uttarakhand Assembly Elections 2022 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तराखंड दौरे पर हैं। वे हरिद्वार पहुंच गए हैं ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Uttarakhand Assembly Elections 2022 भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हरिद्वार में विजय संकल्प यात्रा को रवाना किया। इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने देश को गरीबी और भ्रष्टाचार के गर्त में धकेला। कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं किया। वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इसका खाका तैयार है।
Roadshow, “Vijay Sankalp Yatra” Haridwar, Uttarkhand. https://t.co/zj1EJRlpHe
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) December 18, 2021
शनिवार को हरिद्वार के कुंभ क्षेत्र पंतद्वीप मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 'अबकी बार 60 पार, एक बार फिर भाजपा सरकार' के नारे के साथ नड्डा ने विजय संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाई और रोड शो में भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के चलते उत्तराखंड में आलवेदर रोड, कर्णप्रयाग रेल लाइन और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। कहा कि उत्तराखंड के आर्थिक और सामाजिक विकास का रोडमैप तैयार है। बीते पांच वर्ष प्रदेश में हर वर्ग, हर क्षेत्र के विकास के लिए काफी कुछ किया गया, लेकिन कोरोना के कारण कुछ काम बाकी हैं। उन्हें पूरा करने को भाजपा कृत संकल्प है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए संकल्पबद्ध है। प्रयास है कि योजनाओं का लाभ सभी को सामान रूप से मिल सके। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने हरिद्वार में किए गए विकास कार्यों को साझा किया और कहा कि प्रधानमंत्री हरिद्वार में रिंग रोड और मेडिकल कालेज बनाने की घोषणा भी कर चुके हैं। कार्यक्रम में पार्टी के उत्तराखंड चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, संगठन मंत्री अजेय कुमार, हरिद्वार सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत और स्वामी यतीश्वरानंद भी उपस्थित थे।
छह जनवरी को खटीमा में होगा यात्रा का समापन
भाजपा की विजय संकल्प यात्रा प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। हरिद्वार से रवाना की गई यात्रा गढ़वाल मंडल के 41 विधानसभा क्षेत्रों में 2660 किमी दूरी तय करेगी, जबकि कुमाऊं मंडल में रविवार को इसकी शुरुआत केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे। कुमाऊं मंडल में यात्रा 1890 किमी की दूरी तय करेगी। छह जनवरी को यात्रा कुमाऊं के खटीमा में विराम लेगी।
