आप ने जारी की पांचवी सूची, इसमें शामिल हैं छह नाम; अबतक होती चुकी है 67 प्रत्याशियों की घोषणा
आम आदमी पार्टी (आप) ने पांचवीं सूची गुरुवार को जारी कर दी है। इसमें कुछ छह प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। धर्मपुर विधानसभा सीट से योगेंद्र चौहान लक्सर से डा. युसूफ यमकेश्वर से अविरल बिष्ट लैंसडौन से नरेंद्र गिरी को मैदान में उतारा है।
जागरण संवाददाता, देहरदून: आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने छह और प्रत्याशी घोषित कर दिए हैैं। पार्टी अब तक कुल 67 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। गुरुवार को देहरादून स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी की। इस सूची में चार प्रत्याशी गढ़वाल मंडल और दो प्रत्याशी कुमाऊं मंडल की सीटों के हैैं।
सूची के अनुसार, धर्मपुर विधानसभा सीट से योगेंद्र चौहान, लक्सर से डा. यूसुफ, यमकेश्वर से अविरल बिष्ट, लैंसडौन से नरेंद्र गिरी, रानीखेत से नंदन सिंह बिष्ट और बाजपुर से सुनीता टम्टा बाजवा को टिकट दिया गया है। मोहनिया ने कहा कि प्रदेश में आप को भरपूर समर्थन मिल रहा है। प्रदेश की जनता 14 फरवरी को भाजपा और कांग्रेस से अपनी अनदेखी का हिसाब जरूर लेगी। दस मार्च को आप की सरकार बनेगी और जनता से किए सभी वादे हर हाल में पूरे किए जाएंगे।
रायपुर से आप प्रत्याशी पर दर्ज हैं दो मुकदमे
रायपुर सीट पर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी (आप) नवीन चंद्र पर विभिन्न धाराओं में आपराधिक षडयंत्र, कूटरचना व वित्तीय लेनदेन में फ्राड करने संबंधी मुकदमा दर्ज है। वहीं, एक मुकदमा विरोध-प्रदर्शन को लेकर दर्ज किया गया है।
नामांकन के दौरान दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक नवीन चंद्र पर अभी आरोप तय नहीं किए जा सके हैं। वहीं, नवीन चंद्र की संपत्ति की बात की जाए तो उनकी सालाना आय 1.43 लाख रुपये व बैंक में महज दो हजार 700 के करीब रुपये जमा हैं। उन्होंने विभिन्न व्यक्तियों से करीब चार लाख रुपये भी कर्ज के रूप में लिए हैं। आप प्रत्याशी के पास एक चौपहिया व एक दुपहिया वाहन है और कुल संपत्ति करीब 10 लाख रुपये की है। हालांकि, उनके नाम पर किसी तरह की अचल संपत्ति नहीं है। उधर, रायपुर सीट से ही उत्तराखंड क्रांति दल प्रत्याशी अनिल डोभाल पर शांति भंग आदि का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह जानकारी अनिल डोभाल ने नामांकन के दौरान दाखिल किए गए शपथ पत्र में दर्ज की है।
यह भी पढ़ें- भाजपा से टिकट कटने पर विधायक राजकुमार ठुकराल ने दिया त्यागपत्र, लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव