Bar association election: चुनाव परिणाम को लेकर दूसरे दिन भी हंगामा और विवाद Dehradun News
राजधानी देहरादून में बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम को लेकर शुक्रवार को भी दिनभर हंगामा और विवाद हुआ।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम को लेकर शुक्रवार को भी दिनभर हंगामा और विवाद हुआ। धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्यकारिणी सदस्य के पद पर चुनाव लड़ी अधिवक्ता प्रियंका रानी बार एसोसिएशन के हॉल के बाहर धरने पर बैठ गईं। अधिवक्ता का दावा था कि उनके पक्ष में सर्वाधिक मत पड़े। इसके बावजूद उन्हें विजेता घोषित नहीं किया जा रहा है।
गुरुवार को बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए मतदान संपन्न होने के बाद शाम को मतगणना शुरू हुई। रात करीब साढ़े 11 बजे मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव अधिकारियों ने परिणाम की घोषणा करना शुरू किया। इसी बीच उपाध्यक्ष और महिला कार्यकारिणी सदस्य पद पर कुछ प्रत्याशियों ने दोबारा मतगणना की मांग कर दी। दोबारा मतगणना के बाद भी परिणाम पूर्ववत रहा तो उक्त प्रत्याशी हंगामा करने लगे। काफी समझाने पर भी प्रत्याशी नहीं माने तो चुनाव अधिकारियों ने दोनों पदों का परिणाम रोक दिया। इसको लेकर कचहरी परिसर में देर रात तक हंगामा और विवाद चलता रहा।
शुक्रवार को भी कचहरी परिसर में सुबह ही हंगामा शुरू हो गया। दोपहर करीब तीन बजे अधिवक्ता प्रियंका रानी धरने पर बैठ गईं। उनके समर्थन में कुछ और अधिवक्ता भी थे। अन्य अधिवक्ताओं ने उन्हें समझाने के प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानीं। अधिवक्ता प्रियंका रानी का आरोप था कि बार-बार वोटों की गिनती होने के बावजूद उन्हें विजेता घोषित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने हक के लिए वह हाई कोर्ट भी जाएंगी। उन्होंने कहा कि अगर मतदान की कोई कीमत नहीं है तो बिना मतदान अपने पसंद के उम्मीदवार को ही सीट पर बिठा देना चाहिए।
कार्यालय में भी हुआ हंगामा
उपाध्यक्ष और महिला कार्यकारिणी सदस्य का परिणाम घोषित न किए जाने पर अधिवक्ताओं ने दोपहर करीब तीन बजे बार कार्यालय में भी हंगामा किया। एक पक्ष दोबारा मतगणना की मांग कर रहा था तो दूसरा पक्ष इसका विरोध। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं के बीच भी काफी देर तक बहस होती रही।
यह भी पढ़ें: उपाध्यक्ष पद पर दिनभर ऊहापोह, घोषित नहीं हुआ परिणाम Dehradun News
दो पक्षों में हुआ विवाद
चुनाव को लेकर कचहरी परिसर में शुक्रवार को अधिवक्ताओं के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक अधिवक्ता ने दूसरे के मुंह पर वार कर दिया। इससे अधिवक्ता की नाक से खून बहने लगा। इसके बाद वहां भारी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हो गए। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात मतगणना के बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज हो गई थी। इसी रंजिश में मारपीट हुई।
यह भी पढ़ें: कैबिनेट में जाएगा अपर निजी सचिव पद का मामला, पढ़िए पूरी खबर
हर तरफ रही चुनाव की चर्चा
शुक्रवार को कचहरी परिसर में कोर्ट चैंबर से लेकर हर जगह बार एसोसिएशन के चुनाव की ही चर्चा होती रही। हर कोई अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद पर बातचीत करता नजर आया।