वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर सीधी भर्ती, आवेदन 22 सितंबर से शुरू
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर (समूह ''ग'') के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 सितंबर से आयोग की वेबसाइट पर अनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार अभ्यर्थियों को आनलाइन आवेदन के दौरान नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र के साथ आधार कार्ड की दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा।
आरक्षण से संबंधित श्रेणी और उपश्रेणी के प्रमाण-पत्र भी अपलोड करने होंगे। भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में अर्हकारी शारीरिक अर्हता एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसकी संभावित तिथि 26 और 27 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को ही दूसरे चरण की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय आफलाइन लिखित प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। आयोग के अनुसार लिखित परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे, बल्कि आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड करने होंगे। चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं आयोग की वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह भी पढ़ें- देहरादून: 15 साल बाद 'आजाद' हुई 1015 वर्ग मीटर जमीन, कोर्ट के आदेश के बाद वन विभाग ने हटाया अतिक्रमण
