यूकेडी ने स्थायी राजधानी के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस को घेरा
त्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि राज्य गठन के 19 साल बाद भी स्थायी राजधानी घोषित नहीं होना भाजपा व कांग्रेस सरकार की नाकामी दर्शाता है।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने एक बार फिर गैरसैंण को जल्द राज्य की स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग की है। दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने कहा कि राज्य गठन के 19 साल बाद भी स्थायी राजधानी घोषित नहीं होना भाजपा व कांग्रेस सरकार की नाकामी दर्शाता है।
कचहरी रोड स्थित कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता में भट्ट ने कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों ने बारी-बारी से सत्ता की कमान संभाली, लेकिन अफसोस की बात यह कि राज्य गठन के इतने साल बाद भी स्थायी राजधानी पर निर्णय नहीं लिया जा सका है। उन्होंने कहा कि उक्रांद गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है। गैरसैंण का नाम पृथक राज्य प्राप्ति के लिए हुए आंदोलन के साथ ही आमजन की आमधारणा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने गैरसैंण में शहीद स्मारक का निर्माण नहीं किए जाने पर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। कहा कि दल ने स्मारक के लिए भूमि चयन व निर्माण के लिए सरकार को तीन माह का समय दिया हुआ था। डेढ़ माह का समय बीतने के बाद भी सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
यह भी पढ़ें: प्रदेश के कांग्रेस दिग्गजों के हाथ रहेगी पिथौरागढ़ उपचुनाव के प्रचार की कमान
उन्होंने बताया कि उक्रांद ने गैरसैंण शहीद स्मारक समिति का गठन किया है। जिसका वरिष्ठ नेत्री गीता बिष्ट को समिति का संरक्षक बनाया गया है। समिति स्मारक निर्माण की रुपरेखा तैयार करेगी। उन्होंने मांग की है कि सरकार स्मारक के लिए भूमि उपलब्ध कराए, जिस पर दल स्वयं ही शहीद स्मारक का निर्माण करेगा। पत्रकार वार्ता में दल के संरक्षक बीडी रतूड़ी, त्रिवेंद्र पंवार, हरीश पाठक आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: पंडित नेहरु पर टिप्पणी से भड़के कांग्रेसी, कोतवाली में दी तहरीर Dehradun News