चिंताजनक: डेंगू संदिग्ध महिला और एक नाबालिग की मौत
देहरादून में डेंगू संदिग्ध दो मरीजों की मौत हो गई। इन दो मौतों के बाद प्रदेश में डेंगू से मरने वालों की संख्या अब चार हो गई है। इससे स्वास्थ्य विभाग के भी हाथ-पांव फूले हुए हैं।
देहरादून, जेएनएन। डेंगू के डंक ने चारों ओर हाहाकार मचा रखा है। लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की संख्या ने जहां आमजन को बैचेन कर दिया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग के भी हाथ-पांव फूले हुए हैं। गत शुक्रवार और शनिवार को डेंगू संदिग्ध दो मरीजों की मौत हो गई। इन दो मौतों के बाद प्रदेश में डेंगू से मरने वालों की संख्या अब चार हो गई है।
प्रदेशभर में पिछले डेढ़ माह में 559 लोगों को एडीज मच्छर डेंगू डंक मार चुका है। शुक्रवार और शनिवार को जिन दो मरीजों की मौत हुई है, उनकी रेपिड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि डेथ ऑडिट होना बाकी है। मिली जानकारी के अनुसार तरला अधोईवाला निवासी एक महिला कई दिनों से बीमार थी। डालनवाला स्थित राजकीय कोरोनेशन अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा था। उसकी रेपिड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को महिला की तबियत ज्यादा खराब हो गई। कोरोनेशन अस्पताल में आइसीयू नहीं होने से उसको हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर एक निजी अस्पताल गए, जहां पर भर्ती करने से पहले ही इमरजेंसी वार्ड में उसकी मौत हो गई।
मरने वाली महिला की उम्र 29 साल बताई जा रही है। वहीं इसी क्षेत्र से 16 साल के एक लड़के की मौत की सूचना भी आई है। लड़का कुछ दिन कोरोनेशन अस्पताल में डेंगू वार्ड में भर्ती रहने के बाद शुक्रवार को घर लौटा था। शनिवार को फिर तबियत बिगड़ी तो परिवार वाले कोरानेशन अस्पताल ले गए। लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। इससे पहले एक महिला व एक युवक की मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: दून में डेंगू ने उड़ाई नींद, एक और संदिग्ध मरीज की मौत
जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गुप्ता का कहना है कि डेंगू से महिला और नाबालिग की मौत होने की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो विभागीय टीम को भेजकर महिला का डेथ ऑडिट कराया जाएगा। इधर, शनिवार को डेंगू के 14 और नए मामले सामने आए हैं। इनमें 10 मरीज देहरादून के और चार मरीज अन्य जनपदों के हैं। इस तरह देहरादून में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़कर 541 हो गई है। जबकि अन्य जनपदों से भी 18 डेंगू के मामले आ चुके हैं। प्रदेश में कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 559 तक पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें: डेंगू का डंक: राजधानी में अब तक का आंकड़ा 500 पार Dehradun News