Spring festival 2020: इसबार वसंतोत्सव होगा और भी खास, राजभवन में सेल्फी प्वाइंट भी
राजभवन में वसंतोत्सव के दौरान लोग ट्यूलिप क्यारी के समीप सेल्फी ले सकेंगे। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के निर्देश पर सेल्फी प्वाइंट तैयार किया गया है।
By Edited By: Published: Fri, 13 Dec 2019 10:00 PM (IST)Updated: Sat, 14 Dec 2019 02:41 PM (IST)
देहरादून, राज्य ब्यूरो। वसंतोत्सव 2020 के दौरान राजभवन में लोग ट्यूलिप क्यारी के समीप सेल्फी ले सकेंगे। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के निर्देश पर सेल्फी प्वाइंट तैयार किया गया है।
इस वर्ष राजभवन में पिछले साल की तुलना में ट्यूलिप के 2000 बल्ब ज्यादा रोपे गए हैं। राजभवन परिसर में पहली बार ट्यूलिप का रोपण वर्ष 2015 में किया गया था। उस समय प्रयोग के तौर पर मात्र 200 बल्ब रोपे गए थे। इसके बाद 2016 और 2017 में 500-500 बल्ब रोपे गए। इस वर्ष ट्यूलिप की 11 प्रजाति के 4000 बल्ब रोपे गए हैं। ये बल्ब वसंतोत्सव 2020 तक पुष्प अवस्था में होंगे।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि राजभवन उद्यान में ऐसे पुष्प लगाए जाएं, जिनसे प्रदेश के लोगों को प्रेरणा मिल सके। उन्होंने उद्यान अधिकारी को पुष्प प्रदर्शनी तक ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन की तकनीकी जानकारी देने को ट्यूलिप क्यारी के समीप तकनीकी सूचना लगाने के निर्देश भी दिए। उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित ने बताया कि आमतौर पर ट्यूलिप पुष्प 6500 फीट से अधिक ऊंचाई पर होते हैं।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन उद्यान में कार्यरत कुल 32 मालियों और दैनिक श्रमिकों को ट्रैक सूट और महिला श्रमिकों को ऊनी सलवार कुर्ते वितरित किए। इस मौके पर राज्यपाल के सचिव रमेश कुमार सुधांशु, विधि परामर्शी कहकशां खान और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें