राष्ट्रीय एकता के अद्भुत शिल्पी थे लौह पुरुष
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने 'लौह पुरुष' सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन भावी पीढ़ी को देश की एकता व अखंडता के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून

सरदार पटेल की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता के अद्भुत शिल्पी थे, जिनके हृदय में भारत बसता था। देश की छोटी-बड़ी रियासतों का भारत में विलय उनके प्रयासों से ही संभव हो पाया। उन्होंने सरदार पटेल को देश के सर्वश्रेष्ठ नायकों में से एक बताते हुए 31 अक्टूबर को लोकार्पित हो रहे स्टेच्यू आफ यूनिटी को अखंड भारत के प्रति उनके संकल्प का सजीव प्रतिरूप बताया।
मुख्यमंत्री रावत ने अपने संदेश में कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता सरदार पटेल ने राष्ट्र की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा। युवा पीढ़ी को पटेल के आदर्शाें से प्रेरणा लेकर देश के सर्वागीण विकास में योगदान देना चाहिए।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि हम आज जो विस्तृत, एकीकृत व सुनहरा भारत देख रहे हैं, उसमें सरदार पटेल की कूटनीति व दूरदर्शिता का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर सभी अपना जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित करने का संकल्प लेना चाहिए।