जानकी सेतु पर मई में शुरू हो जाएगा आवागमन
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा ने कैलाशगेट-मुनीकीरेती में निर्माणाधीन जानकी सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि दो माह में जानकी सेतु पर आवागमन शुरू हो जाएगा।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा ने कैलाशगेट-मुनीकीरेती में निर्माणाधीन जानकी सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि दो माह में जानकी सेतु पर आवागमन शुरू हो जाएगा।
सोमवार को लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा मुनिकीरेती पहुंचे। उन्होंने यहां कैलाश गेट (मुनिकीरेती) व वेद निकेतन (स्वर्गाश्रम) के बीच निर्माणाधीन जानकी सेतु की प्रगति का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कार्य प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि जानकी सेतु का निर्माण आगामी दो माह में पूरा कर दिया जाएगा। एक सप्ताह के भीतर जानकी सेतु दोनों ओर से जुड़ जाएगा। इसके अलावा जानकी सेतु पर पहुंचने के लिए दोनों और एप्रोच रोड बनाने का काम भी जारी है। उन्होंने बताया कि जानकी सेतु पर एलईडी लाइट से सजावट की जाएगी। जिससे रात के समय भी जानकी सेतु जगमग नजर आएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में जानकी सेतु बड़ा मददगार साबित होने वाला है। लक्ष्मणझूला पुल के बंद होने के बाद राम झूला पुल पर दबाव बढ़ गया था। गत वर्ष किसी तरह प्रशासन ने कांवड़ यात्रा संचालित की। मगर इस बार कांवड़ यात्रा से पूर्व जानकी सेतु के तैयार होने से कांवड़ यात्रा के संचालन में खासी मदद मिलने वाली है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ खान, हिलवेज कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर अजय शर्मा आदि मौजूद थे।
-------------
शासन को भेजी लक्ष्मणझूला पुल की डीपीआर
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा ने बताया कि नए लक्ष्मण झूला पुल की डीपीआर तैयार हो चुकी है, जिसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। शासकीय प्रणाली जितनी जल्दी पूरी होगी, उसके तुरंत बाद लक्ष्मण झूला पुल के निर्माण को गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लक्ष्मणझूला पुल की मजबूती के लिए डिजाइन केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है, जो सभी को बेहद पसंद आ रहा है। थ्री लेन इस पुल पर बीच में हल्के वाहन गुजर पाएंगे। जबकि पुल के दोनों ओर पैदल पथ होगा, जो कांच से तैयार किया जा रहा है। कुल मिलाकर नया लक्ष्मणझूला पुल अपने आप में आकर्षक होगा।