पर्यटन मंत्री के बेटे, बहु और पोते को एम्स से छुट्टी
कोरोना पॉजीटिव आने के बाद उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री और उनकी पत्नी सहित सात लोगों को एम्स में रविवार को भर्ती कराया गया था। सोमवार को जांच के बाद काबीना मंत्री के परिवार के पांच सदस्यों को एम्स से छुट्टी दे दी गई।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री और उनकी पत्नी सहित सात लोगों को एम्स में रविवार को भर्ती कराया गया था। सोमवार को जांच के बाद काबीना मंत्री के परिवार के पांच सदस्यों को एम्स से छुट्टी दे दी गई। डिस्चार्ज किए गए सभी सदस्य एसिम्टमेटिक (जिस व्यक्ति में रोग के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हों) थे। इसलिए उन्हें केंद्र सरकार की गाइड लाइन के आधार पर होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है। पर्यटन मंत्री और उनकी पत्नी एम्स में भर्ती हैं वहां उनका उपचार चल रहा है।
शनिवार को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद रविवार सुबह उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। उसके बाद रविवार को पर्यटन मंत्री, उनके परिवार व स्टाफ सहित 22 लोगों को कारोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद रविवार शाम को पर्यटन मंत्री और उनके परिवार के सदस्यों को एम्स में भर्ती कराया गया था। एम्स के संकायाध्यक्ष (अस्पताल प्रशासन) प्रो. यूबी मिश्रा ने बताया कि सभी सदस्यों की विस्तृत जांच की गई। जिसमें पर्यटन मंत्री के दोनों पुत्र, दोनों बहुएं और उनके पोते एसिम्टमेटिक पाए गए, लिहाजा ऐसे मरीज जिनमें कोरोना लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइड लाइन के तहत होम क्वारंटाइन में रखा जा सकता है। प्रो. मिश्रा ने बताया कि इन सदस्यों ने होम क्वारंटाइन में रहने की और बेहतर व सुविधाजनक वातावरण की बात कही थी, लिहाजा उनके आग्रह और सरकार की गाइड लाइन के तहत इन पांचों सदस्यों दोनो पुत्र, दोनों बहुएं और उनके पोते को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पर्यटन मंत्री और उनकी पत्नी एम्स में ही भर्ती हैं।