क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों से लिया जाएगा स्पष्टीकरण
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत कम उपलब्धि वाले क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत कम उपलब्धि वाले क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दीनदयाल पर्यटन योजना की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को इसमें व्यक्तिगत रुचि लेने को कहा है।
शुक्रवार को मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के संबंध में बैठक हुई। बैठक में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के केंद्रीयकृत पोर्टल के संबंध में बताया गया कि अभी पोर्टल में केवल देखने का ही प्रविधान है। शहरी विकास विभाग ने इसमें सपोर्ट पोर्टल बनाने का आश्वासन दिया है, जिसमें बैंक शाखाएं आंकडों को अपडेट कर सकेंगे। बैठक में बताया गया कि स्पेशल कंपोनेंट प्लान, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के पोर्टल बना दिए गए हैं। दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे तथा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल के लिए कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें जल्द ही बैंकों द्वारा दिए गए सुझावों को समाहित किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन के नए पोर्टल में निरस्तीकरण के कारण का नया कालम जोड़ने को कहा ताकि संबंधित विभाग द्वारा इसका निस्तारण किया जा सके। बैठक में मुख्य सचिव ने ऋण जमानुपात बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव वित्त अमित नेगी, उप महाप्रबंधक नाबार्ड उर्वशी गर्ग, डीजीएम आरबीआइ तारिका सिंह, अपर सचिव सोनिका समेत उत्तराखंड शासन के अधिकारी उपस्थित थे।