Top Dehradun News of the day, 19th October 2019, वन्यजीवों और आंधी-तूफान से फसल क्षति भी आपदा के दायरे में, मंडी में होगा मेडिकल कॉलेज का विस्तार, कार्बेट और राजाजी सटे गांवों को केंद्र का संबल
दून में तीन खबरें चर्चा में रहीं। वन्यजीवों और आंधी-तूफान से फसल क्षति भी आपदा के दायरे में मंडी में होगा मेडिकल कॉलेज का विस्तार कार्बेट और राजाजी सटे गांवों को केंद्र का संबल।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून में शनिवार को तीन खबरें चर्चा में रहीं। पहली, जंगली जानवरों के साथ ही आंधी-तूफान से होने वाली फसल क्षति ने सरकार की पेशानी पर बल डाल दिए हैं। दोनों मामलों को अब आपदा की श्रेणी में शामिल किया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि निरंजनपुर सब्जी मंडी को यहां से शिफ्ट कर इस भूमि पर दून मेडिकल कॉलेज का विस्तार किया जाएगा। इधर, विश्व प्रसिद्ध कार्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे गांवों के न सिर्फ दिन बहुरेंगे, बल्कि स्थानीय निवासियों की वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
वन्यजीवों और आंधी-तूफान से फसल क्षति भी आपदा के दायरे में
जंगली जानवरों के साथ ही आंधी-तूफान से होने वाली फसल क्षति ने सरकार की पेशानी पर बल डाल दिए हैं। दोनों मामलों को अब आपदा की श्रेणी में शामिल किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इसका मसौदा तैयार कर लिया है, जिसे 23 अक्टूबर को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा। राज्य में हर साल वन्यजीवों से औसतन 260 हेक्टेयर से ज्यादा फसल क्षति होती है। इसके अलावा प्री-मानसून व मानसून सीजन में आंधी-तूफान भी किसानों की कमर तोड़कर रख देते हैं। अब इनके आपदा में शामिल होने से किसानों को केंद्र के मानकों के अनुरूप वक्त पर क्षतिपूर्ति मिल सकेगी।
मंडी में होगा मेडिकल कॉलेज का विस्तार
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि निरंजनपुर सब्जी मंडी को यहां से शिफ्ट कर इस भूमि पर दून मेडिकल कॉलेज का विस्तार किया जाएगा। औद्योगिक विकास के लिए सरकार द्वारा बनाए गए लेंडबैंक में सब्जी मंडी शिफ्ट होगी। यह बात मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम को दून मेडिकल कॉलेज के वार्षिक समारोह फिनिक्स-2019 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही। मुख्यमंत्री ने भावी डॉक्टरों की ओर से दी गई सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुत पर प्रसन्ना व्यक्त करते हुए कहा कि मेडिकल के छात्र-छात्राओं ने अपनी लोक संस्कृति को बेहद करीब से परखा है।
कार्बेट और राजाजी सटे गांवों को केंद्र का संबल
विश्व प्रसिद्ध कार्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे गांवों के न सिर्फ दिन बहुरेंगे, बल्कि स्थानीय निवासियों की वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने प्रोजेक्ट टाइगर के तहत दोनों टाइगर रिजर्व से सटे 35 गांवों के लिए प्रति गांव ढाई-ढाई लाख रुपये की राशि मंजूर की है। इसके अलावा वन विभाग ने अन्य मदों में भी अतिरिक्त राशि की व्यवस्था की है। इससे इन गांवों में आजीविका विकास पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही वन्यजीवों को आबादी की तरफ आने से रोकने के उपाय किए जाएंगे।