आज सीएम आवास पर हल्ला बोलेंगीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
मानदेय बढ़ोत्तरी और पदोन्नति समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी है। सुध न लिए जाने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री आवास पर हल्ला बोलने का एलान किया है। धरना स्थल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महारैली निकालकर सीएम आवास कूच करेंगीं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: मानदेय बढ़ोत्तरी और पदोन्नति समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी है। सुध न लिए जाने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री आवास पर हल्ला बोलने का एलान किया है। धरना स्थल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महारैली निकालकर सीएम आवास कूच करेंगीं।
शुक्रवार को भी धरना स्थल पर आंगनबाड़ी सहायिका संगठन का धरना जारी रहा। संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी ने बताया कि संगठन की प्रमुख मागों में आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करना, पदोन्नति, मोबाइल फोन से अनावश्यक पाबंदिया हटाना आदि शामिल हैं। उक्त मांगों को लेकर पिछले एक माह से संगठन आंदोलनरत है। जबकि सरकार की ओर से अभी तक उनकी सुध नहीं ली गई है। समय-समय पर विभिन्न संगठनों और नेताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समर्थन दिया और उनकी समस्याएं शासन के समक्ष रखने का भी आश्वासन दिया, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कोई पहल नहीं हुई। ऐसे में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ताकत दिखाने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने बड़ी संख्या में रैली निकालकर सीएम आवास कूच करने का एलान किया है। बुधवार को परेड ग्राउंड धरना स्थल पर क्रमिक अनशन के बाद समस्त कार्यकर्ताओं ने शनिवार को निर्धारित सीएम आवास कूच की रणनीति पर चर्चा की। संगठन की अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से महारैली में शामिल होने का आह्वान किया गया है। शुक्रवार को क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में कमला देवी, मीना और महर शामिल थीं। जबकि, धरने में संगठन की प्रदेश महामंत्री सुमति थपलियाल, मीनाक्षी रावत, सरोजनी, बीना, बसंता देवी आदि मौजूद थे।