भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश बोले, बंगाल में टीएमसी ने लूटा 1000 करोड़ का पैकेज
राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश ने कहा कि देश में कई राजनीतिक दल ऐसे हैं जो सत्ता में रहते हुए कार्य करते हैं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश ने कहा कि देश में कई राजनीतिक दल ऐसे हैं, जो सत्ता में रहते हुए कार्य करते हैं। अलबत्ता, भाजपा एकमात्र ऐसा दल है, जिसके कार्यकर्ता सदैव सामाजिक कार्यों में लगे रहते हैं। पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोनाकाल के साथ ही तूफान आने पर सेवा कार्य किए। प्रधानमंत्री ने तूफान प्रभावितों की मदद को एक हजार करोड़ का पैकेज दिया, लेकिन वहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इसे लूटने का काम किया।
राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश ने शनिवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी द्वारा सूबे में कोरोनाकाल में किए गए सेवा कार्यों पर आधारित ई-बुक के विमोचन के मौके पर उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भाजपा ने उल्लेखनीय सेवा कार्य किए और ई-बुक इसका दस्तावेजीकरण है। उन्होंने कहा कि देश में अनगिनत पार्टियां हैं, मगर भाजपा सबसे अलग है। उन्होंने कोरोना की दस्तक से लेकर अब तक केंद्र सरकार और भाजपा संगठन द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि मोदी किट के रूप में 17 करोड़ नागरिकों को फायदा पहुंचाया गया। पार्टी की महिला मोर्चा कार्यकर्ता ने पांच करोड़ मास्क घरों में बनाकर इनका वितरण किया। उन्होंने कोरोना योद्धाओं के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सोशल मीडिया का बेहतर इस्तेमाल किया, जिससे सूचनाएं निरंतर मिलती रहीं। प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन जब कोरोना के मद्देनजर स्थिति खराब होने लगी तो गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्य को अपने हाथ में लिया। आज दिल्ली की स्थिति बेहतर हो गई है।
यह भी पढ़ें: प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू बोले, विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुटी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि कोरोनाकाल में भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने अपने जीवन को जोखिम में डालकर आमजन की समस्याओं को हल करने का सराहनीय कार्य किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, पुनीत मित्तल आदि मौजूद थे। संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया। इससे पहले, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन ने प्रदेश भाजपा के अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग जिलों की ई-बुक का विमोचन किया।