Move to Jagran APP

सीएम ने ली महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक, असंतुष्ट रहे नदारद

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों का विकास अब तेजी से होगा। इसके लिए बजट में तीन गुना वृद्धि होगी।

By BhanuEdited By: Published: Fri, 26 Oct 2018 10:09 AM (IST)Updated: Fri, 26 Oct 2018 10:09 AM (IST)
सीएम ने ली महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक, असंतुष्ट रहे नदारद

देहरादून, [जेएनएन]: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नगर क्षेत्र की 65 प्रतिशत जनता का मुद्दा स्वच्छता का है, इस पर हमारा विशेष फोकस रहेगा। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों का विकास अब तेजी से होगा। इसके लिए बजट में तीन गुना वृद्धि होगी। इससे वहां की जरूरी सुविधाओं में सुधार होगा। महापौर और पार्षदों की जीत हर कार्यकर्ता का मिशन होगा। इसके लिए एकजुटता के साथ जुट जाएं। 

loksabha election banner

भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों के नाम पर वोट मांगें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ सबका विकास पार्टी का नारा है। ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि महापौर से लेकर पार्षद तक के प्रत्याशियों को साथ लेकर चलें। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन न हो। इस मौके पर मुख्यमंत्री रावत ने अपने कार्यकाल की कई उपलब्धियां पार्षद प्रत्याशियों के सामने रखीं। 

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि महापौर पद पर हम एक लाख से ज्यादा वोटों से जीतेंगे। कार्यकर्ताओं और पार्षद प्रत्याशियों में जो उत्साह दिख रहा है, उससे पार्षद पद पर भी इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए 25 दिन कारगिल युद्ध जीतना जैसा है। धैर्य, शालीनता और विनम्रता का विशेष ख्याल रखें। 

उन्होंने साफ कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। अंतर्कलह को दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव में हमारा नारा मिशन 80 प्लस होगा। महापौर प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा की तारीफ करते हुए कहा कि साधारण परिवार से नाता रखने और उनके संघर्ष का नतीजा है कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। 

इस मौके पर हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक, राज्य मंत्री एवं निकाय प्रभारी डा.धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री 'संगठनÓ संजय कुमार, महामंत्री व चुनाव संयोजक नरेश बंसल आदि मौजूद रहे।

चमोली और जोशी नहीं पहुंचे 

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में धर्मपुर विधायक एवं निवर्तमान महापौर विनोद चमोली और मसूरी विधायक गणेश जोशी शामिल नहीं हुए। बताया जा रहा कि वह किसी निजी काम से व्यस्त हैं। इसके अलावा सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर भी बैठक में शामिल नहीं हुए। तीनों विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर चर्चाएं रही। 

व्हाट्सएप से जुड़ेंगे पार्षद प्रत्याशी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि चुनाव मैदान में उतरे 100 पार्षद प्रत्याशियों और पार्टी संगठन के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनेगा। व्हाट्सएप ग्रुप में पार्टी के दिशा-निर्देश की जानकारी दी जाएगी। नाम वापसी के बाद यह ग्रुप एक्टिव हो जाएगा। 

घोषणा पत्र में होंगे जनता के मुद्दे 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि महापौर के लिए पार्टी का घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। इस घोषणा पत्र में शहर की प्रमुख समस्याओं और भावी विकास योजनाओं का उल्लेख होगा। जनता से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और सुविधाओं को इसमें प्राथमिकता दी जाएगी। 

बैठक शुरू होते ही बत्ती गुल 

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जैसे ही मुख्यमंत्री की उपस्थिति में बैठक शुरू हुई, बिजली गुल हो गई। इससे बैठक में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि कार्यकर्ताओं ने बिजली आने से पहले ही जनरेटर चालू कर दिया। इसके बाद बैठक शुरू हो पाई। 

अनिल और उमेश फिर रहे अनुपस्थिति 

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में महापौर टिकट न मिलने से नाराज चल रहे उमेश अग्रवाल और अनिल गोयल शामिल नहीं हुए। हालांकि, पार्टी का कोई भी नेता इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहा था।

यह भी पढ़ें: रूठों को मनाते रहे भाजपा प्रत्याशी गामा, कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश ने की जंबो बैठक

यह भी पढ़ें: भाजपा प्रत्याशी को चुनौती देंगी सीएम की भाभी कांति रावत

यह भी पढ़ें: स्थानीय निकाय चुनावः टिकट कटने और बदलने पर भाजपा में बगावत


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.