ऋषिकेश में तीन तीर्थयात्रियों की हृदय गति रुकने से मौत
ऋषिकेश में अलग-अलग प्रांतों के तीन श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : ऋषिकेश में अलग-अलग प्रांतों के तीन श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
थाना कोतवाली ऋषिकेश के अनुसार साहो आमला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 60 यात्रियों का दल गुरुवार सुबह चारधाम यात्रा से लौटकर गंगा स्नान के लिए मुनिकीरेती पहुंचा। गंगा स्नान के बाद जब यह लोग वापस लौट रहे थे, तभी दल के सदस्य 65 वर्षीय अवधेश नारायण तिवारी पुत्र शिव प्रसाद तिवारी की तबीयत बिगड़ गई। सहयात्रियों ने उन्हें राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया चिकित्सकों ने मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना बताया है।
वहीं ग्राम पीपल्दा धार मध्य प्रदेश से 22 यात्रियों का समूह ऋषिकेश व हरिद्वार के मंदिरों में घूमने के लिए यहां आया था। यह लोग रात्रि में स्वर्गाश्रम स्थित गीता आश्रम में ठहरे थे। रात को दल की सदस्य 49 वर्षीय सौरम बाई पत्नी अमर सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला के रिश्तेदार योगेश ने बताया कि हरिद्वार में घूमने के बाद आज उन्हें ऋषिकेश में मंदिरों के दर्शन करने थे। इससे पहले यह हादसा हो गया। वहीं गुरुवार मध्य रात्रि चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड स्थित होटल के समीप एक व्यक्ति बेहोश मिला। जिसे 108 आपात सेवक की मदद से राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 58 वर्षीय उमेश दास जोशी पुत्र विट्ठलदास राघव जोशी निवासी मलाड मुंबई के रूप हुई। यात्री की मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि मृतकों के सहयात्री और रिश्तेदार यहां मौजूद हैं, मगर उनके स्वजन को भी सूचना दी गई है। फिलहाल शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है।