यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोतवाली के पास दुकान से चोरों ने उड़ाई नकदी, चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
रविवार रात कोतवाली से कुछ ही दूरी में बीती रविवार रात पलटन बाजार स्थित बर्तनों की दुकान से चोरों ने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। कोतवाली से कुछ ही दूरी में बीती रविवार रात पलटन बाजार स्थित बर्तनों की दुकान से चोरों ने डेढ़ लाख की नकदी उड़ा ली। अब शिकायत मिलने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। सोमवार सुबह कोतवाली पुलिस को दुकानदार सुधांशु गुप्ता ने इस संबंध में तहरीर देकर बताया कि दुकान की ऊपरी मंजिल में टीन का गेट लगा है। इसी गेट को काट कर चोर दुकान में दाखिल हुए और गल्ले में रखे डेढ़ लाख की नकदी चुरा कर ले गए।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पता चला कि दुकान मे सीसीटीवी कैमरे तो लगे है लेकिन रात को बंद कर दिए जाते है। पुलिस का कहना है कि दुकान के स्टॉफ सहित अन्य से पूछताछ की जा रही है। यह दुकान नगर कोतवाली से चंद मीटर की दूरी पर है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
मसूरी के लाइब्रेरी बाजार क्षेत्र के सुमित्रा भवन मोहल्ले में एक 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कोतवाल देवेंद्र असवाल ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि सुमित्रा भवन मोहल्ले में एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के जीजा शुभम निवासी रानीपोखरी ने पुलिस को बताया कि वह अंकित पंवार निवासी बड़ोवाला देहरादून के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। अंकित यहां होटल में ट्रेनिंग के लिए आया था। उन्होंने बताया कि अंकित नशे का आदी था और बीती रात खाना खाकर सो गया। सुबह होने पर देखा तो उसके मुंह से झाग व नाक से खून निकल रहा था।
