टाइल्स शोरूम के गोदाम की दीवार तोड़ चोरों ने उड़ाया लाखों का सामान, सीसीटीवी भी ले गए साथ
एक टाइल्स शोरूम के गोदाम की दीवार को तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। शातिरों ने पहचान छिपाने के लिए गोदाम में लगे सीवीटीवी कैमरे की डीबीआर भी चोरी कर ली है। आसपास चौपहिया वाहन के टायर के निशान मिले हैं।
रुड़की, जेएनएन। चोरों ने एक टाइल्स शोरूम के गोदाम की दीवार को तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। शातिरों ने पहचान छिपाने के लिए गोदाम में लगे सीवीटीवी कैमरे की डीबीआर भी चोरी कर ली है। आसपास चौपहिया वाहन के टायर के निशान मिले हैं। आशंका है कि चोर सामान को चौपहिया वाहन में भरकर ले गए है।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत सालियर में अंशुल गोयल निवासी रामनगर का कजारिया कंपनी का गोदाम है। टाइल्स शोरूम स्वामी अंशुल गोयल प्रतिदिन की तरह से मंगलवार सुबह अपने शोरूम पर पहुंचा। शोरूम के बराबर में ही उसका टाइल्स का गोदाम है। उसने पहले शोरूम खुलवाया। इसके बाद गोदाम में जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अधिकांश कीमती सामान और महंगी टाइल्स गायब थी। गोदाम की खेतों की साइड वाली एक दीवार टूटी हुई थी। गोदाम से सामान गायब देख शोरूम स्वामी घबरा गया। उसने तुरंत ही गंगनहर कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
शोरूम स्वामी के मुताबिक गोदाम से करीब लाखों का सामान चोरी हुआ है। गोदाम के समीप वाहन के टायर के निशान थे। इससे साफ है कि चोर सामान को किसी बड़े चौपहिया वाहन में भरकर ले गए हैं। पुलिस ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करने चाहे तो पता चला कि चोर डीबीआर भी अपने साथ ले गए हैं। पुलिस का मानना है कि चोर बेहद शातिर थे। वह जानते थे कि सीसीटीवी कैमरे से उनकी पहचान हो सकती है, जिसके चलते उन्होंने डीबीआर को ही गायब कर दिया।
पूरी तसल्ली से दिया वारदात को अंजाम
टाइल्स गोदाम में जिस अंदाज से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे साफ है कि चोरी पूरी तसल्ली के साथ की गई है। सामान बड़ा होने के चलते चोरों ने दीवार तोड़ी। टूटी दीवार के रास्ते से वे सामान को लेकर गए। चोरी को देखकर यह भी साफ है कि चोर काफी देर तक गोदाम में रहे।
चोरों को थी सामान की अच्छी पहचान
गोदाम में चोरी करने वाले चोरों को टाइल्स और अन्य सामान की काफी अच्छी पहचान थी। चोरों को पता था कि किस सामान की कीमत कितनी होगी। क्योंकि चोरों ने केवल महंगे सामान पर ही हाथ डाला। जो सामान या फिर टाइल्स कम कीमत की थी। चोरों ने उनको छुआ तक भी नहीं। इससे यह पता चलता है कि चोर गोदाम में रखे सामान से अच्छे से परिचित थे।
पुलिस ने खंगाले खेत, चेक किए कैमरे
चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के खेतों को भी खंगाला। इसके अलावा गोदाम के आसपास अन्य दुकानों और सड़कों आदि पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक की जा रही है। गंगनहर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक देवराज शर्मा ने बताया कि मामलेू की छानबीन जारी है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। उनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
कहां थी गश्ती पुलिस
गोदाम दिल्ली-देहरादून हाइवे पर है। कुछ दूर सालियर चेक पोस्ट है, जबकि इससे पहले रामपुर चुंगी पर भी पुलिस तैनात रहती है। हाइवे होने के चलते पुलिस की गश्त इस मार्ग पर रातभर रहती है। ऐसे में गश्त करने वाली पुलिस को गोदाम में हो रही इतनी बड़ी चोरी की भनक कैसे नहीं लग पाई है।
यह भी पढ़ें: सर्राफा लूट मामले में लुटेरों की धरपकड़ को टीमें दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश रवाना
शोरूम स्वामी के पिता का चल रहा उपचार
शोरूम स्वामी अंशुल गोयल के पिता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वह एक अस्पताल में भर्ती है। शोरूम स्वामी प्रतिदिन शोरूम के बाद अस्पताल में पिता के पास जाते हैं। गोदाम काफी समय से बंद था। एक सप्ताह पहले ही गोदाम को खोला गया था।