कार्यकर्ताओं के बूते नंबर एक पार्टी बनी भाजपा: थावर चंद्र गहलौत
केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड लोकसभा चुनाव प्रभारी थावर चंद्र गहलौत ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बूते ही आज भाजपा विश्व की नंबर एक पार्टी बनी है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित गोष्ठी में केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड लोकसभा चुनाव प्रभारी थावर चंद्र गहलौत ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बूते ही आज भाजपा विश्व की नंबर एक पार्टी बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम सभी पार्टी हित में कार्य करेंगे। उन्होंने राज्य में लोस की पांचों सीटों पर जीत सुनिश्चित कराने को जी-जान से जुटने की अपील भी की।
गोष्ठी में गहलौत ने भाजपा के उदय से लेकर अब तक के सफर पर तफसील से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा का उदय हुआ, मगर अगले चुनाव में उसे लोस की दो सीटें ही मिल पाईं। अटल बिहारी वाजपेयी व लालकृष्ण आडवाणी भी चुनाव हार गए, मगर कार्यकर्ता कभी हताश नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं के बूते ही भाजपा ने आज यह मुकाम हासिल किया है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक हरबंस कपूर ने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने में अनेक लोगों ने अपना बलिदान दिया, जिसे हम भुला नहीं सकते। देहरादून के महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि भाजपा विश्व की नंबर एक पार्टी बनी है तो यह मुकाम कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, त्याग, तपस्या व बलिदान के बूते ही मिला है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष च्योति गैरोला ने कहा कि कांग्रेस जिस कश्मीर को पृथक करने की बात कर रही है, वहां हमारे कई कार्यकर्ताओं की शहादत हुई है।
Loksabha Election 2019: देवभूमि को फिर 'डबल इंजन' से जोड़ने का नमो मंत्र