साकार हुआ भारतीय जनमानस का सपना : स्वामी चिदानंद सरस्वती
परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि करीब 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भगवान श्रीराम के दिव्य मंदिर बनने का भारतीय जनमानस का सपना अब साकार हुआ है।
ऋषिकेश, जेएनएन। परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती उत्तराखंड के प्रमुख संत महात्माओं के साथ अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि करीब 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भगवान श्रीराम के दिव्य मंदिर बनने का भारतीय जनमानस का सपना अब साकार हुआ है।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं भी इस दिव्य कार्यक्रम का सहभागी बना हूं। उन्होंने कहा कि मैंने आज उत्तराखंड, पूरे भारत और सम्पूर्ण विश्व की ओर से सबकी आस्था के पुष्प इस दिव्य स्थल पर समर्पित किए। यह एक अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सबको मिलाती है और सबको जोड़ने का काम करती है। स्वामी चिदांनद ने कहा कि भगवान श्रीराम ने वीरता और शौर्य के साथ बदलाव की संस्कृति को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के अन्दर की अच्छाई जब बाहर आती है तो रामराज्य की स्थापना होती है। जब बुराई बाहर आती है तो रावण की तरह पतन होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की आधारशिला रखकर करोड़ों भारतवासियों के सपने को साकार किया है।
यह भी पढ़ें: इच्छाओं की पूर्ति और चिरयौवन प्रदान करने वाला है पारिजात : अवधेशानंद
शिलान्यास के साथ पूरी हुई करोड़ों देशवासियों की मुराद
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि आज भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन और शिलान्यास के साथ करोड़ों देशवासियों की मुराद पूरी हा गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़इच्छा शक्ति का ही परिणाम है आज हमनें राममंदिर निर्माण की तरफ एक कदम बढ़ाया है। बुधवार को गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने मुनिकीरेती के ढालवाला स्थित भाजपा मंडल कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ये बात कही।
यह भी पढ़ें: मसूरी में है गोस्वामी तुलसीदास के शिष्य का रचा पंचांग