राष्ट्रहित सबसे बढ़कर: मुख्यमंत्री
राज्य ब्यूरो, देहरादून मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रहित सबसे बढ़कर होता है। मात
राज्य ब्यूरो, देहरादून
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रहित सबसे बढ़कर होता है। मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना रखने वाला व्यक्ति ही देश की उन्नति में सहायक हो सकता है। शहीद स्वाभिमान यात्रा को देहरादून से अगले गंतव्य के लिए रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
रविवार को सीएम आवास पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मभूमि को माता माना गया है। हमारा पहला दायित्व अपनी मातृभूमि के प्रति होता है। देश को स्वतंत्र कराने और उसके बाद देश की आजादी को बनाए रखने में शहीद होने वाले भारत माता के वीर सपूतों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने स्वाभिमान यात्रा के संयोजक सुरेंद्र सिंह बिधुड़ी व उनके साथियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि स्वाभिमान यात्रा अपने उद्देश्यों में सफल होगी। गौरतलब है कि शहीद स्वाभिमान यात्रा 23 मार्च को नई दिल्ली से प्रारंभ हुई थी। 79 दिनों तक देश के 23 राज्यों में अब तक 16500 किमी की यात्रा पूरी कर शनिवार को देहरादून पहुंची। कुल मिलाकर 29 राज्यों में 25 हजार किमी की यात्रा पूरी की जाएगी।