देश के चौकीदार के होते हुए भी करोड़ों ले भागा मोदी
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि पीएम मोदी खुद को देश का चौकीदार बताते हैं। बावजूद इसके नीरव मोदी देस का करोड़ों लेकर फरार हो गया है।
ऋषिकेश [जेएनएन]: कांग्रेस ने एकबार फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मोदी सरकार पर लगाते हुए कहा कि नीरव मोदी पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का करोड़ों रुपया लेकर भाग खड़ा हुआ है।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने जाटव बस्ती में उत्तराखंड दलित विकास महासभा द्वारा आयोजित गोष्ठी में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश में दलितों पर अत्याचार हो रहा है। केंद्र सरकार दलित समाज को गुमराह करने का काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में मासूम लड़की के साथ दुष्कर्म किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश की पुलिस आरोपी विधायक को गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कैंडल मार्च के बाद सीबीआइ ने देर रात उसे गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को देश का चौकीदार बता रहे हैं। जिनके नेतृत्व में नीरव मोदी देश की गरीब जनता के करोड़ों रुपए लेकर देश छोड़ भाग गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर वह दलितों को समरसता के तहत भोजन खिलाकर अपने आप को दलित हितैषी बता रहे हैं। जिससे दलित समाज के लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सपना तभी साकार होगा जब सभी दलित समाज एक होकर केंद्र सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेगा।
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव में सरकार की हो रही फजीहतः किशोर उपाध्याय