विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्‍तराखंड में कड़े भू-कानून के लिए बनाई जा रही है नियमावली, तैयार हो रहा पोर्टल

Published: Sun, 15 Jun 2025 12:42 PM (GMT+05:30)

उत्तराखंड में सख्त भू-कानून लागू हो गया है। भूमि की खरीद-बिक्री पर निगरानी रखने के लिए भू-पोर्टल बन रहा है। ...और पढ़ें

कड़े भू-कानून के लिए बनाई जा रही है नियमावली। प्रतीकात्‍मक
कड़े भू-कानून के लिए बनाई जा रही है नियमावली। प्रतीकात्‍मक

HighLights

  1. कड़ा भू-कानून लागू, निगरानी हेतु पोर्टल
  2. अवैध भूमि सरकार के अधीन होगी
  3. ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था का प्रावधान

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून । प्रदेश में कड़ा भू-कानून अस्तित्व में आ चुका है। नए कानून में भूमि की खरीद-बिक्री में नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए भू-पोर्टल भी तैयार किया जा रहा है। नए कानून के क्रियान्वयन के लिए अब नियमावली बनाई जा रही है।

इसमें पोर्टल के माध्यम से की जाने वाली आनलाइन निगरानी व्यवस्था को ध्यान में रखकर नियम तय किए जाएंगे। नियमावली को स्वीकृति के लिए कैबिनेट में रखा जाएगा। प्रदेश में कड़ा भू-कानून लागू होने के बाद अवैध और नियमों का उल्लंघन कर खरीदी या बेची गई भूमि को सरकार में निहित किया जा रहा है।

खरीद-बिक्री के साथ ही दाखिल खारिज समेत भूमि से संबंधित तमाम व्यवस्था की समग्र जानकारी भू-पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। एनआइसी के सहयोग से पोर्टल बन रहा है। इसका संचालन राजस्व परिषद करेगा। प्रदेश के समस्त पटवारी-लेखपाल क्षेत्र इसके दायरे में होंगे। इन क्षेत्रों में भूमि की खरीद-बिक्री का आनलाइन ब्योरा नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा।

नए भू-कानून के क्रियान्वयन के लिए बनाई जा रही नियमावली में पोर्टल के माध्यम से निगरानी की बनाई गई आनलाइन व्यवस्था से संबंधित नियमों को भी सम्मिलित किया जाएगा। साथ ही जिलाधिकारी और शासन स्तर से भूमि खरीद की अनुमति देने की समयबद्ध प्रक्रिया होगी। जिलाधिकारी हर महीने उपजिलाधिकारी से रिपोर्ट लेंगे। प्रत्येक तिमाही अपनी रिपोर्ट राजस्व परिषद को भेजी जाएगी।

राजस्व सचिव एसएन पांडेय ने बताया कि नए भू-कानून की नियमावली बनाई जा रही है। प्रयास ये किया जा रहा है कि नियमावली से कोई विषय छूटने न पाए। औद्योगिक एवं निवेश के प्रयोजन के लिए भूमि खरीद की अनुमति के लिए अनिवार्यता प्रमाणपत्र, शपथपत्र, आवेदन करने समेत कानून के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्त प्रक्रिया का विवरण नियमावली में होगा। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद भू-कानून में अब तक जितने संशोधन किए गए हैं, उनसे जुड़ी नियमावलियां भी इसका हिस्सा होंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।