राज्यमंत्री मंत्री रेखा आर्य ने बेमियादी हड़ताल पर चल रहे कर्मियों को दिया आश्वासन
पदोन्नति की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर चल रहे महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की राज्यमंत्री रेखा आर्य से वार्ता हुई। राज्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांग पर विधानसभा सत्र के बाद विचार करने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। पदोन्नति की मांग को लेकर बेमियादी हड़ताल पर चल रहे महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की राज्यमंत्री रेखा आर्य से वार्ता हुई। राज्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांग पर विधानसभा सत्र के बाद विचार करने का आश्वासन दिया। वहीं, कर्मचारियों ने कहा कि पदोन्नति के आदेश जारी होने के बाद ही वह हड़ताल खत्म करेंगे।
प्रांतीय बाल विकास मिनिस्टीरियल एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। देहरादून में नंदा की चौकी स्थित विभागीय कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना दिया। एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष सोहन सिंह रावत ने कहा कि शासन की ओर से रिक्त पदों पर कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए, लेकिन बाल विकास में कार्यरत मिनिस्टीरियल कर्मचारियों को अनदेखा किया गया। कहा कि विभाग में कुल 207 पद हैं। वर्तमान में 52 पद रिक्त चल रहे हैं। वर्ष 2015 में जारी शासनादेश के अनुसार, लिपिक संवर्ग के पदों पर ज्येष्ठता के आधार पर कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक के पदों पर पदोन्नति का प्रविधान है।
इस क्रम में समूह-ग से परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके कनिष्ठ सहायक और चतुर्थ श्रेणी से पदोन्नत कनिष्ठ सहायकों का नियमानुसार पूर्व में ही कंप्यूटर परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद चयन हुआ है। लेकिन इसके बाद भी विभाग में कर्मचारियों को पदोन्नत नहीं किया जा रहा है। वहीं शाम को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की विभागीय मंत्री रेखा आर्य से यमुना कॉलोनी आवास पर मुलाकात हुई, जिसमें राज्यमंत्री आर्य ने विधानसभा सत्र के बाद विभाग के डायरेक्टर के साथ वार्ता का भरोसा दिलाया। इस मौके पर महेश चंद्र बिजल्वाण, योगेश वर्मा, विजय सिंह, अशोक कुमार तोमर गजे सिंह, पूजा सेमवाल, प्रीति वर्मा, कल्पना कुकरेती, आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मांगों को लेकर उपनल कर्मियों का क्रमिक अनशन और धरना जारी
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें