उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्याकारिणी घोषित, आकार रखा गया छोटा
मंडल और जिलों की कार्यकारिणी गठित होने के बाद अब उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष बंशीधर भगत ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। प्रदेश कार्यकारिणी में अध्यक्ष सहित 28 नाम शामिल हैं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मंडल और जिलों की कार्यकारिणी गठित होने के बाद अब उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष बंशीधर भगत ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। प्रदेश कार्यकारिणी में अध्यक्ष सहित 28 नाम शामिल हैं। साथ ही विभिन्न मोर्चा के छह प्रदेश अध्यक्षों के नाम की भी घोषणा की।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर बंशीधर भगत की ताजपोशी के बाद से ही सभी की निगाहें उनकी टीम पर टिकी हुई थी। हाल ही में प्रदेश कार्यकारिणी के नाम फाइनल करने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने दिल्ली प्रवास के दौरान पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ विमर्श किया था। तब सभी नाम करीब फाइनल कर दिए गए थे। इनकी घोषणा आज की गई।
भाजपा प्रदेश कार्याकारिणी का आकार छोटा रखा गया है। भविष्य में इसके विस्तार की गुंजाइश भी रखी गई है। पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में अध्यक्ष के अलावा दो प्रदेश महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, आठ उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव, छह प्रवक्ता, छह प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष के नाम घोषित किए।
प्रदेश उपाध्यक्ष के नाम
प्रदेश उपाध्यक्ष पद के लिए विधायक खजान दास, पुष्कर सिंह धामी के साथ ही अनिल गोयल, कैलाश शर्मा, राजकुमारी गिरी, कुसुम कंडवाल, देवेंद्र भसीन और खिलेंद्र चौधरी के नाम शामिल हैं।
प्रदेश महामंत्री के नाम
प्रदेश महामंत्री के पद की जिम्मेदारी उधमसिंह नगर के राजेंद्र भंडारी और देहरादून महानगर के कुलदीप कुमार को दी गई। इनके अलावा अजय कुमार को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष
प्रदेश कोषाध्यक्ष पद पर भजापा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने देहरादून महानगर के पुनीत मित्तल की ताजपोशी की।
प्रदेश मंत्री
बंशीधर भगत ने प्रदेश मंत्री के पद पर चमोली के बलबीर गुनियाल, बागेश्वर के पुष्कर सिंह काला, उधमसिंह नगर के आशीष गुप्ता, नैनीताल के राजेंद्र बिष्ट, देहरादून महानगर के आदित्य चौहान, देहरादून जिला की नीरू देवी, देहरादून महानगर की मधु भट्ट, चंपावत की किरण देवी को जिम्मेदारी सौंपी है। इनके साथ ही हल्द्वानी के कोस्तुभानंद जोशी को प्रदेश कार्यालय सचिव बनाया गया।
प्रदेश प्रवक्ता
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पद पर पिथौरागढ़ के सुरेश जोशी, उधमसिंह नगर के विनय रूहेला, देहरादून महानगर के विनय गोयल, देहरादून जिला के नवीन ठाकुर, हल्दावनी के प्रकाश रावत और टिहरी के विनोद सुयाल को जिम्मेदारी दी गई।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के नाम फाइनल
प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष
अल्मोड़ा के कुंदन लटवाल को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, पौड़ी की रितू खंडूड़ी को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, नैनीताल के अंबादत्त आर्य को अनुसूचित मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, उधमसिंह नगर के राकेश राणा को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, हरिद्वार के राकेश गिरी को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और उधमसिंह नगर के अनिल चौहान को किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में मंत्रिमंडल का विस्तार तय, कई मंत्रियों के बदलेंगे महकमें