संगठन नेताओं का हाल जानने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत
बंशीधर भगत ने ऋषिकेश पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता और दायित्वधारी ज्ञान सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह लक्ष्मण झूला देव आनंद के निवास पर जाकर उनका हालचाल जाना।
देहरादून, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने ऋषिकेश पहुंच कर पार्टी के वरिष्ठ नेता और दायित्वधारी ज्ञान सिंह नेगी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह लक्ष्मणझूला रेवानंद शास्त्री के निवास पर जाकर उनका हाल जाना।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान सिंह नेगी और आरएसएस नेता रेवानंद शास्त्री पिछले कुछ माह से अस्वस्थ चल रहे हैं। दोनों ही लोग अपने घर में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत बुधवार को इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के घर पहुंचे और उनका हाल जाना। लक्ष्मणझूला में ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाई, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, भाजपा के स्वर्गाश्रम मंडल अध्यक्ष गुरुपाल बत्रा आदि ने उनसे मुलाकात की।
कार्यकर्ताओं ने यहां पिछले एक वर्ष से बंद लक्ष्मण झूला पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण में हो रहे विलंब को लेकर प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने दूरभाष से लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर के अधिशासी अभियंता आरिफ खान से बात कर समस्या के जल्द समाधान के लिए कहा। भाजपा मंडल अध्यक्ष मुनिकीरेती राकेश भट्ट, मनोज डोबरियाल, देवेंद्र पयाल इस मौके पर मौजूद रहे।
एनएसयूआइ ने किया सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत
एनएसयूआइ ने आयुष आंदोलन पर हाईकोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट का छात्र-छात्राओं के हक में फैसला आने पर मिठाई बांटकर खुशी मनाई। एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष सौरभ ममगाई ने कहा कि यह उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को बधाई देने का समय है। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं और विशेष एनएसयूआइ के साथियों का धन्यवाद जिन्होंने आयुष आंदोलन की लंबी लड़ाई साथ लड़ी थी।
यह भी पढ़ें: विधानसभा भवन देहरादून में लगाया जाएगा 100 फीट ऊंचा तिरंगा: प्रेमचंद अग्रवाल
कुछ साथियों पर पुलिस और प्रशासन द्वारा कार्यवाही भी हुई, लेकिन साथियों के लिए सदैव छात्रहित सर्वोपरि रहा है। आगे भी छात्र हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर उदित, थपलियाल, वासु शर्मा, अंकित बिष्ट, उत्कर्ष जैन, सौरभ कुमार, सागर पुंडीर, प्रियांशु गौड़ आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: राष्ट्र को समर्पित था लालजी टंडन का जीवन : स्वामी चिदानंद