शिक्षा महकमे की नई खेल नीति का प्रस्ताव, अन्य खेलों को भी मिलेगी जगह
शिक्षा महकमे में संचालित खेलों में नए खेलों को शामिल करने की विभिन्न खेल संघों की मांग पर विचार किया जाएगा।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। शिक्षा महकमे में संचालित खेलों में नए खेलों को शामिल करने की विभिन्न खेल संघों की मांग पर विचार किया जाएगा। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि महकमे को परीक्षण के बाद खेल नीति का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। शिक्षा महकमे में खेलकूद प्रतियोगिताओं में शूटिंग समेत कई खेल प्रतिस्पर्धाएं शामिल नहीं हैं। इस वजह से अन्य खेलों को लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणपत्र खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रहे हैं। साथ ही निजी स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को भी शिक्षा महकमे की प्रतियोगिताओं में शामिल होने का मौका नहीं मिल रहा है। ऐसे में खेल संघों के प्रतिनिधियों की ओर से शिक्षा महकमे की खेल नीति में बदलाव पर जोर दिया जा रहा है।