विधानसभा अध्यक्ष से मिले मुख्य सचिव
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से शनिवार को यमुना कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास पर मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने मुलाकात की।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से शनिवार को यमुना कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास पर मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने मुलाकात की। इस दौरान विस अध्यक्ष ने 23 सितंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र, कोरोना संक्रमण समेत विभिन्न विषयों पर मुख्य सचिव से चर्चा की।
विस अध्यक्ष अग्रवाल ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। साथ ही कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए घर-घर सर्वेक्षण, संपर्को का पता लगाने और कोरोना जांच से जुड़े से कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस विपदा से कैसे निबटें, इसके लिए ठोस रणनीति के तहत कार्य करना होगा। उन्होंने सुरक्षित शारीरिक दूरी, सैनिटाइजेशन, मास्क से संबंधित नियमों का अनिवार्यता के साथ पालन कराने पर जोर दिया।
--------
मंत्री, विधायकों की पूछी कुशलक्षेम
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमंचद अग्रवाल ने पिछले दिनों कोरोना संक्रमित हुए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत, विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, देशराज कर्णवाल व सुरेश राठौर से दूरभाष पर संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम जानी। साथ ही सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विस अध्यक्ष ने होम आइसोलेशन में रह रहे शहरी विकास मंत्री कौशिक से विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर भी बातचीत की। विस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी उर्बा दत्त भट्ट से भी बात कर उनकी पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया।